लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के करीब 25 जिलों में 'हीटवेव' का अलर्ट जारी किया है। पछुआ हवाओं के चलते लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में लू का प्रकोप बना रहेगा।
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की चेतावनी दी गई है। बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और पश्चिमी यूपी के सहारनपुर में भी सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं।
बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 44.2 डिग्री तक पहुँचा दिया।
बुंदेलखंड के बांदा में तापमान 43.6 डिग्री रहा, जबकि राजधानी लखनऊ में पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल इस प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा और तापमान में और भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बंगाल की खाड़ी की ओर से आने वाली नमी भरी हवाओं के अभाव में लू का असर और तेज होने की आशंका है। आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण रेडिएशन का असर बढ़ गया है, जिससे झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हो रहा है।
प्रचंड गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
डॉक्टरों का कहना है कि लू की चपेट में आने से सिरदर्द, चक्कर आना और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी, ओआरएस और मौसमी फलों का सेवन करने की हिदायत दी गई है।










