haribhoomi hindi news
Delhi Murder Case: दिल्ली के आदर्श नगर में दंपित पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक दंपति पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। वहीं घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। हालांकि हमले की वजह का पता नहीं लग पाया है, फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।   

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल शख्स की पहचान 40 साल के आशु और उनकी पत्नी के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपति गुब्बारे बेचने का काम करते थे। शुरुआती जांच में पता लगा है कि हमले के वक्त बीती रात दंपति घर में मौजूद थे।

उसी दौरान अचानक से अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए, और चाकू से आशु पर हमला कर दिया। हमले के बीच पत्नी अपने पति को बचाने आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घायल अवस्था में दंपति को छोड़कर मौके से फरार हो गए।

 
स्थानीय शख्स ने पुलिस को क्या बताया ?

पुलिस पूछताछ में किरणपाल ने बताया कि वह देर रात वारदात के दिन उस इलाके से गुजर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि बच्चा मदद के लिए रो रहा है। किरणपाल ने जब मौके पर जाकर देखा तो उन्होंने पाया कि घायल दंपति मौके पर पड़े थे, उन्हें तुरंत  बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गया।

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशु का इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ का हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए भी टीम का गठन कर लिया है।  

भारतीय रिजर्व बैंक रिटायर्ड कर्मी की हत्या

बता दें कि 19 अप्रैल रविवार की शाम को ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 63 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी माधो राम की दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में उनके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मृतक का शव  घर की पहली मंजिल के एक कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। 

7