Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद में कुछ असामाजिक तत्वों ने लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरी कॉलोनी में स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। रविवार सुबह जब लोगों को इसके बारे में पता लगा तो स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम भी लग गया।
इस घटना की खबर मिलने के बाद लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत करके उन्हें समझाने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिलहाल भीड़ जमा है पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। इसके अलावा ऐसा भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
लोनी के इंद्रापरी इलाके में बाबा साहेब की प्रतिमा लगी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह लोगों ने जब देखा तो यह प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। इस वजह से वहां बड़ी संख्या में भीड़ इक्ट्ठा हो गई और इसका विरोध करने लगी। इस दौरान लोगों ने कॉलोनी के मार्ग को जाम लगा दिया। सूचना के बाद लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर लोगों से मिलने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि इस तरह की हरकत करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा उन्होंने आक्रोशित भीड़ से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की नई प्रतिमा मंगा ली गई है। जल्दी उस स्थान पर बाबा साहेब की नई प्रतिमा को लगा दिया जाएगा।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए आगे कहा कि इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, मामले में केस दर्ज लिया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले को पहचाना जा सके। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।









