haribhoomi hindi news
Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी थाने के बाहर खड़े सीज वाहनों में शनिवार देर रात आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस आग में लगभग 2 दर्जन से भी ज्यादा वाहन जलकर राख हो गए।

Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी थाने के बाहर शनिवार देर रात सीज वाहनों में अचानक आग लग गई। इस हादसे में लगभग 2 दर्जन से ज्यादा गाड़ियां जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़िया तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दिल्ली-सहारनपुर रोड पर स्थित लोनी थाने के बाहर खड़े वाहनों में शनिवार को आग लग गई। इसके बाद घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से आग बुझाने की कोशिश भी की। लेकिन आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की खबर मिलने के बाद लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर और लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम घटनास्थल पर पहुंचे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के दिशा निर्देश पर साहिबाबाद फायर स्टेशन से एक टेंडर को घटनास्थल के लिए भेजा गया था। लेकिन दमकल विभाग के कर्मियों ने तीन गाड़ियों से पानी डालकर लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया था। इस वजह से साहिबाबाद से आ रहे फायर टेंडर को बीच रस्ते से ही वापस कर दिया गया।

लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, लोनी थाने के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में खड़ी खराब 5 एंबुलेंस में आग लग गई। इसके बाद कुछ ही समय में यह आग थाने के बाहर खड़े सीज वाहनों के पास पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि इस आग में 22 गाड़ियां, चार ऑटो, दो डीसीएम, एक मिनी बस और 2 टैक्टर जलकर राख हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

7