haribhoomi hindi news
बलौदा बाजार जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफिया पर करारा प्रहार किया है।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के थाना लवन क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए रेत से भरे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी तुरमा घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहे थे। सूचना मिलने पर लवन पुलिस ने मेन रोड पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने जब्त किया चार ट्रैक्टर-ट्रॉली
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए, जिनमें अवैध रूप से निकाली गई रेत भरी हुई थी। सभी आरोपियों के खिलाफ चोरी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

अवैध रेत खनन पर सियासी घमासान
वहीं 6 अप्रैल को बीजापुर जिले में रेत के अवैध खनन और कारोबार को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि, भाजपा से जुड़े कुछ लोग सत्ता का प्रभाव दिखाकर अवैध उत्खनन में संलिप्त हैं। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि, ताड़लागुड़ा से मिनगाचल तक रेत के अवैध उत्खनन का सिलसिला जारी है। ताड़लागुड़ा में सांसद के करीबी एक नेता पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर रेत खनन कर रहे है। 

बैक डोर एंट्री के जरिए अवैध खनन 
वहीं मिनगाचल क्षेत्र में पंचायतों के अधिकारों को दरकिनार कर पूर्व मंत्री के खास सहित भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष बैक डोर एंट्री के जरिए अवैध खनन में संलिप्त है। इन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए माइनिंग विभाग भी कार्रवाई से बच रहा है।

शिकायतों के बावजूद 
कांग्रेस ने पूरे मामले में माइनिंग विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। विधायक ने कहा कि, यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। 

कलेक्टर के नाम सौंपा गया ज्ञापन
इसी संबंध में कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि, यदि अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7