haribhoomi hindi news
Noida Labour Department: नोएडा में मजदूरों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रम विभाग ने एक सख्त कदम उठाया है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए 43 ठेकेदारों को नोटिस भेजा है जबकि 10 ठेकेदारों के लाइसेंस को रद्द कर दिया है।

Noida Labour Department: यूपी के नोएडा में शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रम विभाग ने एक सख्त कदम उठाया है। अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी के नेतृत्व में श्रम विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जो ठेकेदार नियमों का उल्लंघन करेंगे उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अपर श्रमायुक्त के अनुसार, कई सारे औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत ठेकेदारों द्वारा श्रम कानूनों के अनुपालन में गंभीर असमानताएं पाई गई हैं। इसी वजह से श्रम विभाग ने कुल 43 ठेकेदारों को नोटिस भेजा है। इसके अलावा 10 ठेकेदारों के लाइसेंस को गंभीर उल्लंघन के मामले में खारिज कर दिया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि पहले जारी किए गए नोटिस के हिसाब से जिन ठेकेदारों ने नियमों का पालन नहीं किया था उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उनके लाइसेंस को रद्द किया गया है। बल्कि उन्हें ब्लैकलिस्ट में डालने के लिए श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश के पास प्रस्ताव भेजा गया है।

श्रम विभाग का कहना है कि जिले की औद्योगिक इकाइयों में शांति व्यवस्था बनाए रखना, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अवस्था में नियमों के उल्लंघन करने वाले किसी भी ठेकेदार को किसी हालत में नहीं बख्शा जाएगा। इस दौरान अधिकारियों ने ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों से अपील की कि वह लोग श्रम कानूनों का पूरी तरह से पालन करें। विभाग का कहना कि नियमों का उल्लंघन करने पर भविष्य में इससे भी अधिक कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

7