Delhi Police: दिल्ली के पूर्वी जिले के मधु विहार इलाके में पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चोरी का सामान खरीदने वाला सुनार भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने, हीरे और लगभग आठ लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह घटना 1 अप्रैल 2026 को हुई थी। आर्य नगर अपार्टमेंट में रहने वाले एक परिवार ने शिकायत दर्ज कराई कि वे 31 मार्च की शाम को घर बंद करके कहीं गए थे। अगले दिन जब लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। घर से करीब एक करोड़ रुपये के गहने और 12 लाख रुपये नकद चोरी हो चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने स्पेशल स्टाफ और मधु विहार थाने की दो अलग-अलग टीमें गठित कीं।
पुलिस ने इस मामले में 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को ध्यान से देखा। आरोपियों के भागने के रास्ते को करीब 10 किलोमीटर तक ट्रैक किया गया। तकनीकी सबूतों और मुखबिरों की मदद से सबसे पहले बबलू और रामपाल को पकड़ा गया। बाद में उनके साथी विशाल को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सुनार रवि सोनी और एक महिला पिंकी का नाम सामने आया, जिन्हें पुलिस ने बाद में दबोच लिया।
आरोपियों की पूछताछ में पता चला कि वे दिन के समय बंद पड़े घरों की रेकी करते थे और रात में ताले तोड़कर चोरी करते थे। चोरी का माल तुरंत सुनार के पास बेच दिया जाता था या छिपा लिया जाता था। सभी गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। वे जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में ऐसी वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित लिंक की भी तलाश कर रही है।










