मध्यप्रदेश। शिवपुरी में शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रविवार को जानकारी सामने आई है कि, पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। कोर्ट परिसर के पास आरोपी हत्या कर फरार हो गए थे। तीनों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
जमीन विवाद के चलते दी थी सुपारी
बताया जा रहा है कि, जमीन विवाद के चलते कमलेश शर्मा, सुनील शर्मा और नीरज शर्मा ने संजय सक्सेना की सुपारी दी थी। गिरफ्तार किए गए एक आरोपी जिसका नाम पपेंद्र रावत है उसके पैर में गोली लगी है। इसके अलावा पुलिस ने गोलू रावत और जहीर को गिरफ्तार किया है। इन्हीं तीनों ने संजय सक्सेना की सुपारी ली थी।
कोर्ट के पास दिया था हत्या को अंजाम
बदमाशों ने उस समय हमला किया था जब वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना कोर्ट की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अधिवक्ता पर हमला किया गया।
इस हत्याकांड के बाद जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे थे। बदमाशों ने कोर्ट से कुछ दूर ही वारदात को अंजाम दिया था। करैरा थाना क्षेत्र की इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
हत्या का मामला किया था दर्ज
मौके का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इसे मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस अब पपेंद्र रावत, गोलू रावत और जहीर से पूछताछ कर रही है। मृतक अधिवक्ता के परिजनों ने पहले ही हत्या की वजह जमीन विवाद बताई थी। तीनों से पूछताछ कर पुलिस सुपारी देने वालों के खिलाफ भी एक्शन लेगी।










