Jacqueline Fernandez: जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर फिर से सुर्खियो में हैं। वैलेंटाइन डे पर उन्होंने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को लव लेटर भेजा और अपने प्यार का इजहार किया। सुकेश ने दावा किया कि उन्होंने जैकलीन के लिए एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर गिफ्ट किया है, जिसमें उनके नाम के अक्षर JF भी बने हैं।
लव लेटर में किए रोमांटिक दावे
सुकेश ने अपने लेटर की शुरुआत “माई बेबी बोम्मा जैकलीन” से की। उन्होंने लिखा कि जेल की दीवारें उन्हें जैकलीन से अलग कर रही हैं, लेकिन उनका दिल हमेशा सिर्फ जैकलीन के लिए धड़कता है। उन्होंने अपनी प्रेम कहानी की तुलना रोमियो-जूलियट और हीर-रांझा जैसी कहानियों से की।
सुकेश ने लेटर में लिखा है, "जैकलीन फर्नांडीज, ये दीवारें और लोहे की सलाखें मुझे आपसे अलग कर रही हैं। यह वैलेंटाइन डे मेरे लिए बहुत खास है। मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं जब हम साथ में बाकी के वैलेंटाइन मना सकेंगे। मेरे लिए आप दुनिया की सबसे खास वैलेंटाइन हैं।"
हेलीकॉप्टर गिफ्ट देने का किया दावा
लेटर में सुकेश ने यह भी दावा किया कि उन्होंने जैकलीन के लिए एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर में कस्टम इंटीरियर हैं और इसके बाहर और अंदर जैकलीन के नाम के अक्षर JF बने हैं। सुकेश ने दावा किया कि यह हेलीकॉप्टर उनकी मेहनत की कमाई से खरीदा गया है।
जैकलीन से मांगी माफी
सुकेश ने लेटर में जैकलीन को हुई कानूनी परेशानियों और तनाव के लिए माफी मांगी। साथ ही उन्होंने वादा किया कि ये तूफान जल्द ही खत्म होगा और सबकुछ ठीक होगा। उन्होंने लिखा कि जैकलीन हमेशा सिर्फ उनकी है और कोई भी उनके और जैकलीन के बीच में नहीं आ सकता।
जैकलीन की प्रतिक्रिया
हालांकि, जैकलीन ने सुकेश के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि सुकेश ने उन्हें गुमराह किया और डराने-धमकाने की कोशिश की। मामले की जांच अभी जारी है।











