रायपुर। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ उन्होंने भगवान भोलेनाथ और श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
कोसमनारा धाम में पूजा-अर्चना और आशीर्वाद
कोसमनारा धाम अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक मान्यता के लिए प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री साय ने देर रात एक बजे यहां पहुंचकर विधिवत पूजा कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने धाम की आध्यात्मिक विरासत और यहां की सकारात्मक ऊर्जा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों से समाज को दिशा और आत्मबल प्राप्त होता है।
1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। प्रस्तावित कार्यों में-
- मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण
- आगंतुकों के लिए विश्राम एवं भोजन शेड
- शौचालय परिसर का निर्माण
- पार्किंग क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण शामिल है
उन्होंने कहा कि, इन कार्यों के पूरा होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धाम में आने का अनुभव और सुखद होगा।
कोसमनारा धाम: श्रद्धा और तपस्या की भूमि
रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से आस्था का केंद्र रहा है। यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या कर रहे हैं। वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति तेजी से बढ़ी। बाबा द्वारा संजोए गए पत्थरों से निर्मित शिवलिंग और खुले आकाश के नीचे तीनों ऋतुओं में की जाने वाली साधना इस धाम की पहचान बन चुकी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचते हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी रातभर चले इस धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की।










