Logo
छतरपुर के राजनगर थाने में 22 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस जहां इसे आत्महत्या बता रही है, वहीं परिजनों ने हिरासत में मारपीट से मौत का आरोप लगाया है। मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

छतरपुर। एक 22 वर्षीय युवक राजेश पटेल का शव राजनगर थाने में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने बताया कि युवक ने थाने के वॉशरूम में आत्महत्या कर ली, जबकि परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मारपीट में उसकी मौत हो गई है। परिवार ने दावा किया है कि पुलिस सादा कपड़ों में आई और युवक को उठाकर थाने ले गई, जबकि उसके खिलाफ कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं थी। इस घटना के बाद लोगों पुलिस चौकी पर रात में भारी हंगामा किया। इस मामले में युवक को थाने लाने वाले दो सिपाहियों संजय कुमावत और शिवकुमार पाल को सस्पेंड कर दिया है। प्रशासन ने इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।  

एफआईआर नहीं, फिर भी उठा ले गई पुलिस 
मृतक के पिता किशोरी पटेल ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे जबर्दस्ती घर से ले गई। उसने उससे 50 हजार रुपए की मांग की और जब रकम नहीं मिली तो उसके साथ अमानवीय व्यवहार शुरू कर दिया। उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। पुलिस की मारपीट की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस अब इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा हो गया है।  

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। इस मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार युवक शौचालय जाने के बहाने गया और फांसी लगा ली। हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसे किस मामले में हिरासत में लिया गया था और क्या उसने कोई सुसाइड नोट छोड़ा है। इन सवालों के स्पष्ट उत्तर न मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।

थाने में भारी पुलिस बल तैनात  
तनाव को देखते हुए थाने में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि मौत आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से हुई। एक अन्य घटना डाकखाना चौराहे पर स्थित एक पुलिस चौकी की है, जहां एक नशे में धुत व्यक्ति को उत्पात मचाने की शिकायत पर हिरासत में लिया गया था। चौकी के अंदर बंद किए जाने के बाद उसने तोड़फोड़ शुरू कर दी। 

5379487