Logo
election banner
MP में दो मार्च को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आ रही है। राहुल गांधी 5 दिन MP में रहेंगे। चार जिले में रोड शो करेंगे। दो जिलों में नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। मुरैना से उज्जैन तक राहुल अलग-अलग समूहों में सात प्रमुख वर्गों के साथ संवाद करेंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल यानी दो मार्च को प्रवेश करेगी। एमपी में राहुल पांच दिन रहेंगे। धौलपुर (राजस्थान) से यात्रा मुरैना से एंट्री लेगी।  मुरैना से शुरू होकर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन होते हुए रतलाम के बाद राजस्थान में फिर प्रवेश करेगी। इन पांच दिनों में राहुल गांधी शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, शाजापुर और उज्जैन में रोड शो करेंगे। राजगढ़ और मुरैना में राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। मुरैना में कांग्रेस सांसद की आमसभा भी होगी। सबसे खास यह है कि राहुल गांधी करीब दो साल बाद राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। बता दें कि इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 29 नवंबर 2022 को राहुल ने महाकाल के दर्शन किए थे।

दो मार्च: राहुल नुक्कड़ सभा को करेंगे संबोधित
दो मार्च को दोपहर 1:30 बजे न्याय यात्रा मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। दोपहर 2 बजे पिपरई में देवपुरी बाबार के पास जेबी ढ़ाबे पर योगेश यादव और सतेंद्र यादव को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का ध्वज हस्तांतरण किया जाएगा। दोपहर ढाई बजे मुरैना में अंडर ब्रिज के पास रोड शो होगा। भोपाल कांग्रेस के नेता अवनीश भार्गव, अमित शर्मा मुरैना के कार्यक्रमों के इंचार्ज बनाए गए हैं। शाम 5 बजे यात्रा ग्वालियर पहुंचेगी। यहां चार शहर के नाके पर स्वागत होगा। यहीं से हजीरा चौक तक रोड शो होगा। फिर हजीरा चौक पर ही राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। ग्वालियर के गोल्डन लोटस गार्डन में रात्रि विश्राम होगा।

तीन मार्च को ग्वालियर में रहेगी यात्रा 
तीन मार्च को सुबह 8.30 बजे राहुल की यात्रा का ग्वालियर के घाटीगांव और मोहना गांव में स्वागत होगा। ग्वालियर में अग्निवीर संवाद के लिए विधायक पंकज उपाध्याय, रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव और विंग कमांडर अनुमा आचार्य को प्रभारी बनाया है।  इसके बाद ग्वालियर के मोरखेड़ा में सहरिया जनजाति के लोगों से संवाद करेंगे। ग्वलियर के सतनवाड़ा में स्वागत होगा। इसके बाद शिवपुरी के बाबू क्वार्टर से झांसी रोड तिराहे से शिवपुरी तक रोड शो होगा। शिवपुरी से यात्रा का कोलारस, लुकवासा में स्वागत होगा। बदरवास में संबोधन होगा। शिवपुरी के ईश्वरी गांव में यात्रा रात्रि विश्राम करेगी।

न्याय यात्रा चार मार्च को गुना से राजगढ़ पहुंचेगी 
चार मार्च को सुबह 8.30 बजे गुना के म्याना से यात्रा शुरू होगी। सुबह 9.30 बजे गुना में हनुमान चौराहे से एचपी पेट्रोल पंप तक रोड शो होगा। सुबह 11 बजे गुना के रूठियाई में स्वागत होगा। गुना के राघौगढ़ में साड़ा कॉलोनी से नया बस स्टैंड तक रोड शो होगा।  दोपहर 2 बजे यात्रा गुना के बीनागंज पहुंचेगी। शाम 5 बजे राजगढ़ के ब्यावरा में पीपल चौराहे पर नुक्कड़ सभा होगी। राजगढ़ के भाटखेडी में यात्रा रात्रि विश्राम करेगी।

पांच और छह मार्च को यात्रा इन जिलों में रहेगी 
इसके बाद पांच मार्च को न्याय यात्रा का राजगढ़ के पचोर, सारंगपुर में स्वागत होगा। सुबह 11.30 बजे शाजापुर के टंकी चौराहा से एचपी पेट्रोल पंप तक रोड शो होगा। दोपहर 12 बजे शाजापुर के मक्सी में स्वागत होगा। संस्कार पब्लिक स्कूल में लंच होगा। दोपहर बाद यात्रा उज्जैन पहुंचेगी। राहुल गांधी महाकाल के दर्शन करेंगे। शाम 5 बजे उज्जैन के उज्जैन गेट से देवास गेट तक रोड शो होगा। उज्जैन के मुल्लापुरा में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। छह मार्च को धार में सुबह अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 1 बजे धार जिले के बदनावर में आदिवासी सभा होगी। रतलाम के सैलाना होते हुए यात्रा राजस्थान के बाड़मेर जिले में प्रवेश करेगी।

गुजरात के बाद महाराष्ट्र जाएगी न्याय यात्रा 
इंग्लैंड के लौटने के बाद राहुल गांधी की न्याय यात्रा दो मार्च को धौलपुर से एक बार फिर शुरू होगी। इसके बाद पांच दिन तक एमपी में यात्रा रहेगी। सात मार्च को फिर राजस्थान लौटेगी और बांसवाड़ा में एक जनसभा होगी। इसके बाद यात्रा गुजरात में प्रवेश करेगी। गुजरात के दाहोद, पंचमहल, छोटा उदयपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत और तापी ज़िलों को यात्रा कवर करेगी। 10 मार्च को यात्रा महाराष्ट्र पहुंचेगी और राज्य में अपने पहले दिन नंदुरबार और धुले जिलों से होकर गुजरेगी।

यात्रा की तैयारी और व्यवस्था के लिए बनाई 22 कमेटी
बता दें कि पिछले दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं के संचालन के लिए कांग्रेस ने 22 कमेटियों का गठन किया था। इन कमेटियों में लगभग 50 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। 

5379487