Logo
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ लाइन के असर से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को बादल छाए रहे।

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ लाइन के असर से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को बादल छाए रहे। बादलों की मौजूदगी के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड का एहसास बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के भीतर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। इसी वजह से मौसम पूरी तरह साफ होने में अभी समय लगेगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिन तक ठंड का असर बना रहेगा। खासतौर पर देर रात और सुबह के समय सर्दी ज्यादा महसूस होगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, वर्तमान सिस्टम के कारण बादल बने हुए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का ट्रेंड देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और अन्य राज्यों में जारी बारिश का असर आगे चलकर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखेगा। सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, यह ठंड ज्यादा तेज नहीं होगी और अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

बीती रात प्रदेश के कई इलाकों में ठंड ने जोर दिखाया। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री, अमरकंटक में 9.1 डिग्री, मंदसौर में 9.1 डिग्री, खजुराहो में 9.2 और दतिया में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन और जबलपुर में 13.5 डिग्री जबकि भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

5379487