मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास का चौड़ीकरण किया जाना है। इस बायपास को 10 लेन रोड में बदला जाएगा। इस परियोजना के मार्ग में कई दुकान, मकान और धार्मिक स्थल समेत सरकारी दफ्तर आ रहे हैं। इन्हें हटाए जाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा केसरी बस्ती की झुग्गियां भी जल्द टूटने वाली हैं। शासन द्वारा करीब 90 झुग्गियों को नोटिस दिया गया है। गौरतलब है कि, शासन द्वारा विस्थापन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
बस्ती में रहते हैं 90 परिवार
प्रशासन द्वारा नोटिस मिलने के बाद लोग मांग कर रहे हैं कि, बिना पुनर्वास के लोगों को यहां से न हटाया जाए। केसरी बस्ती में 90 परिवार रहते हैं। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और कहा कि, ये परिवार यहां करीब 5 दशक से रह रहे हैं। विकास जरूरी है लेकिन गरीब लोगों को बेघर करना सही नहीं है।
मुआवजा और पुनर्वास नहीं
इधर प्रशासन द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद प्रभावित लोग चिंता में हैं। उनका कहना है कि, झुग्गी हटाए जाने के बदले उन्हें न तो कोई मुआवजा मिल रहा है और न ही पुनर्वास की कोई व्यवस्था की गई है। ऐसे में परिवार को लेकर कहां जाएं।
हटाई जा चुकी हैं 140 से अधिक दुकानें
बता दें कि, नेशनल हाइवे-146 पर आशाराम तिराहा से रत्नागिरी तिराहे तक 16 किलोमीटर लंबी 10 लेन रोड का निर्माण किया जा रहा है। आनंद नगर में एक फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। सड़क के किनारे बनीं 140 से अधिक दुकानें हटाई गई है। वार्ड कार्यालय, पुलिस चौकी और तीन धार्मिक स्थलों को शिफ्ट किया जा रहा है। सड़क के चौड़ीकरण के लिए अब केसरी बस्ती की झुग्गियों को हटाया जाएगा।










