News in Brief, 4 February: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

News in Brief, 4 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
मुख्यमंत्री हरदा और नर्मदापुरम में करेंगे नर्मदा पूजन
नर्मदा जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को नर्मदा पूजन करेंगे। सुबह हरदा जाएंगे और टिमरनी तहसील के ग्राम छीपानेर स्थित चिचोटकुटी में नर्मदा पूजन करेंगे। 316 करोड़ 20 लाख के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे। 130.32 करोड़ की लागत 21 कार्यों का भूमि पूजन और 185.87 करोड़ रुपए लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। उनके साथ जिले के प्रभारी और सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी रहेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद भोपाल लौट जाएंगे। दोपहर में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। फिर शाम को नर्मदापुरम जिला मुख्यालय पहुंचेंगे, यहां सेठानीघाट पर नर्मदा जयंती का भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें हिस्सा लेंगे और पूजन करेंगे।
बाबा महाकाल का ड्रायफ्रूट से शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट मंगलवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। बाबा महाकाल के मस्तक पर रजत मुकुट अर्पित कर ड्रायफ्रूट से अद्भुत शृंगार किया गया। भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
मुख्यमंत्री 5 को 7,900 बच्चों को देंगे ई-स्कूटी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 फरवरी बुधवार सुबह 11 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में शासकीय स्कूलों के प्रतिभाशाली 7,900 बच्चों को नि:शुल्क स्कूटी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह एवं जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह भी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश में संचालित शासकीय हायर सेकण्डरी विद्यालयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को नि:शुल्क ई-स्कूटी प्रदान करने की योजना स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित की जा रही है। योजना में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शासकीय विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्कूटी प्रदान की जाती है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया 10 को सांसद खेल महोत्सव में होंगे शामिल
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर से शिवपुरी और अशोकनगर होते हुए गुना जाएंगे। सिंधिया 9 फरवरी को रात सवा नौ बजे गुना पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम करने के बाद दूसरे दिन 10 फरवरी को गुना में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। गुना में होने वाले सांसद खेल महोत्सव में उपस्थित रहेंगे। सिंधिया दिल्ली से 7 फरवरी को रेल मार्ग से शाम 7.50 बजे ग्वालियर आएंगे। 8 को सुबह सवा 11 बजे आकर शिवपुरी और उसके आसपास क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रात 10 बजे चंदेरी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 9 फरवरी को अशोकनगर के चंदेरी में केन्द्रीय विद्यालय का भूमिपूजन, 12 बजे मुंगावली में जनसुनवाई। चार बजे अशोकनगर में सांसद खेल महोत्सव में शामिल होंगे। रात में सवा 9 बजे गुना आकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 4 February: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें
CBSE के एडमिट कार्ड जारी, 15 फरवरी से परीक्षा
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल से कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के एडमिट कार्ड जारी हो गए। स्कूल इन्हें ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी। राजधानी में 150 सीबीएसई स्कूल हैं। परीक्षा में 17 हजार छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इन स्कूल के लिए हॉल टिकट सोमवार को जारी किए गए। स्कूलों को इन्हें डाउनलोड करना है। अधिकृत सील लगाने के बाद स्टूडेंट तक पहुंचना है। पहले दिन कई स्कूलों को दिक्कत आई। स्कूल प्राचार्यो के मुताबिक शाम तक सीबीएसई का सर्वर स्लो चल रहा था। जिससे ये डाउनलोड नहीं हुआ। दो तीन दिनों में सुधार की उम्मीद है। इसके बाद इन्हें स्टूडेंट को दिया जाएगा।
जेईई मेन सेशन के आवेदन 24 तक होंगे जमा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2025 सेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से 24 फरवरी तक आवेदन किए जा सकेंगे। छात्र-छात्राएं रात 9 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। फीस भुगतान की सुविधा रात 11.50 बजे तक रहेगी। यह परीक्षा 1 से 8 अप्रैल के बीच होने की संभावना है।
10 फरवरी तक नहीं बनेंगे दस्तावेज
मध्यप्रदेश शासन के एमपी इ डिस्ट्रीक पोर्टल सर्वर माइग्रेशन का कार्य किया जाएगा। माइग्रेशन कार्य के कारण 4 से 10 फरवरी 2025 तक यह पोर्टल बंद रहेगा। इससे प्रदेश में संचालित सभी लोकसेवा केंद्र और उपभोक्ता लोकसेवा केंद्र की सेवा बंद रहेगी। विभिन्न विभागों की लोकसेवा गारंटी से संबंधित सेवा आय, मूल निवासी, जन्म मृत्यु, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सेवा बाधित रहेगी।
नर्मदा जयंती पर आज मां नर्मदा को ओढाएंगे 511 मीटर की चुनरी
नर्मदा जयंती पर मंगलवार को मां नर्मदा को 551 मीटर लंबी चुनरी ओढाई जाएगी। आयोजन 4 फरवरी को हरदा से 20 किमी दूर हंडिया नेमावर में स्थित मां रेवा के तट पर होगा। बता दें कि बीते 12 साल से लगातार नर्मदा जयंती पर मां नर्मदा का पूजन अभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन 11 फरवरी तक
माध्यमिक शिक्षक (विषय, खेल एवं संगीत गायन वादन) और प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत गायन-वादन एवं नृत्य) और जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षक (विषय) और प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत गायन-वादन एवं नृत्य) चयन परीक्षा-2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी आखिरी तारीख 11 फरवरी है। आवेदन पत्र में संशोधन 28 जनवरी से 16 फरवरी तक होंगे। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा यह परीक्षा 20 मार्च से शुरू की जाएगी।
