News in Brief, 21 January: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

MP today big hindi news READ on singal click of the 19 April 2025 Saturday
X
News in Brief, 19 April: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें
News in Brief, 21 January: मध्यप्रदेश में मंगलवार (21 जनवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी।

News in Brief, 21 January: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

सीएम मोहन यादव आज, कब क्या करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन, ग्वालियर और रायपुर (छत्तीसगढ़) के दौरे पर रहेंगे। सीएम सुबह 11.05 पर उज्जैन पहुंचेंगे। स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12.45 पर उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। सीएम मोहन दोपहर 1.15 बजे इंदौर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4 बजे रायपुर से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। सीएम शाम 5.20 पर द एम्पायर रिसोर्ट झांसी राउ, तुरारी के पास स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 7.30 बजे ग्वालियर से भोपाल पहुंचेंगे।

डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक 24 को महेश्वर में होगी
साल 2025 की पहली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक 24 जनवरी को देवी अहिल्या बाई होल्कर की नगरी महेश्वर में होगी। डेस्टिनेशन कैबिनेट को लेकर सीएस अनुराग जैन ने एसीएस और पीएस के साथ प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा की और उन्हें अंतिम रूप देने संबंधी कार्रवाई शुरू कराईं। बता दें कि देवी अहिल्या बाई होल्कर से जुड़े इस स्थल पर सरकार पूर्व में ही कैबिनेट बैठक करने की घोषणा कर चुकी थी लेकिन तारीख का ऐलान नहीं किया था। यह कैबिनेट बैठक जन कल्याण के लिए समर्पित महिला शासिका देवी अहिल्या बाई को समर्पित होगी। मोहन सरकार इसमें कई प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है।

पुणे में कल होगा इंवेस्ट एमपी इंटरेक्टिव सत्र
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक विकास और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए 22 जनवरी को पुणे में इंटरेक्टिव सत्र आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पुणे में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर पर आयोजित इंटरेक्टिव सत्र में निवेशकों और उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश में औद्योगिक, पर्यटन, आईटी, आईटीईएस और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए सकारात्मक वातावरण और संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। वे उद्योगपतियों के साथ नेटवर्किंग डिनर में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड के चेयरमैन संजय किर्लोस्कर और पिनेकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन सुधीर मेहता भी मप्र के इंडस्ट्री फ्रेंडली माहौल के संबंध में अपने अनुभव साझा करेंगे।

RSS एमपी में करेगा शाखा का विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एमपी में शाखाओं का विस्तार करेगा। यह विस्तार उन क्षेत्रों में होगा, जहां पहले से शाखाएं नहीं है। ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने का काम जारी है। ऐसे क्षेत्रों में नियमित शाखाएं लगेंगी। समाज मिलन से लेकर समाज में परिवर्तन के काम शुरू होंगे। शाखाओं के विस्तार से चिन्हित क्षेत्रों में समय-समय पर खड़ी होने वाली बुराईयों और विरोधी ताकतों से निपटने में मदद मिलेगी। संवाद में 239 शाखा, 40 मिलन टोली और 279 बस्ती के प्रमुखों ने सहभागिता की।

मध्य प्रदेश दोगुनी क्षमता से बिजली उत्पन्न कर सकेगा
मध्य प्रदेश में जल्द ही बिजली उत्पादन क्षमता दोगुना होगी। इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइसर) में 53.75 एकड़ भूमि पर एक अत्याधुनिक सौर ऊर्जा रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा। केंद्र का मुख्य उद्देश्य सोलर, विंड, हाइड्रो और ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी समेत सभी प्रकार की अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) पर शोध करना और उनकी उत्पादन क्षमता को बढ़ाना होगा। यह केंद्र राज्य को न केवल ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा, बल्कि स्थायी ऊर्जा स्रोतों के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।

इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 21 January: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें

बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में दिव्य शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट मंगलवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। बाबा महाकाल के मस्तक पर रजत मुकुट अर्पित कर त्रिपुंड, त्रिशूल और रुद्राक्ष की माला से राजा स्वरूप में दिव्य शृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

मध्यप्रदेश में 2 दिन तेज ठंड
मध्यप्रदेश में 2 दिन और तेज ठंड पड़ेगी। फिर दिन-रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोहरा है। ग्वालियर-चंबल के हिस्से में हल्की बारिश होने का अनुमान भी है। बुधवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोहरा रहेगा। ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, मुरैना, भिंड में हल्की बारिश हो सकती है।

सिकल सेल स्क्रीनिंग में मध्यप्रदेश ने पाया देश में सर्वोच्च स्थान
मध्यप्रदेश ने सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग अभियान में अपने वार्षिक लक्ष्य को समय से पूर्व पूरा कर लिया है। प्रदेश में अब तक कुल 90 लाख 98 हज़ार 902 लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग कर सौ फीसदी लक्ष्य प्राप्त किया है। इसके साथ 53 लाख 87 हज़ार 892 सिकल सेल कार्ड (59.21%) वितरण कर, देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग, सभी स्वास्थ्य कर्मियों और ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

मदरसा बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षा राज्य ओपन बोर्ड से
मध्य प्रदेश मदरसा बोर्ड की सत्र 2025 में उर्दू माध्यम से कक्षा 10वीं-12वीं की परीक्षा राज्य ओपन बोर्ड से होगी। परीक्षा के लिए आवेदन की प्रकिया सोमवार से शुरू हो गई। अंतिम तारीख 31 मार्च है। आवेदन ऑनलाइन भरे जाएंगे। आवेदन-पत्र जमा केवल अधिकृत केन्द्रों से ही जमा हो सकेंगे। प्रक्रिया 20 जनवरी से 31 मार्च तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। आवेदन-पत्रों में त्रुटि सुधार 10 अप्रैल तक किया जा सकता है। जारी निर्देश के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन के बाद मूल दस्तावेज 15 अप्रैल 2025 तक भेजे जाना अनिवार्य है। इन परीक्षाओं को भारत सरकार एवं राज्य शासन से मान्यता एवं समकक्षता प्राप्त है। अधिकृत अध्ययन केन्द्रों एवं छात्रों को निर्देशित किया जाता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story