MP Accident News: शनिवार सुबह सीहोर जिले में भोपाल-इंदौर हाईवे पर एक TUV गाड़ी पलटने से पांच लोग घायल हो गए। गाड़ी में एक प्राइवेट कॉलेज के छात्र सवार थे। बताया जा रहा है कि, छात्र अपने कॉलेज जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे सीहोर और आष्टा के बीच भाड़ा खेड़ी जंक्शन के पास हुई।
टायर फटने से हुआ हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाड़ी काफी तेज रफ्तार से चल रही थी, तभी ड्राइवर का अचानक नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे गाड़ी सड़क पर पलट गई। गाड़ी में निजी कॉलेज के कई छात्र अपने कॉलेज जा रहे थे। दुर्घटना का सही कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि टायर फटने की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
कुछ छात्रों को ज्यादा चोट लगी
जैसे ही गाड़ी पलटी तो तेज आवाज आई। मौके पर मौजूद लोग गाड़ी के पास गए तो अंदर छात्र और वाहन चालाक फंसे हुए थे। कुछ छात्रों को ज्यादा चोट लग गई थी। लोगों ने पुलिस को कॉल किया और छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। छात्रों और वाहन चालक को गाड़ी से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस की जांच शुरू
पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इलाज के बाद छात्रों और वाहन चालक से पूछताछ की जाएगी। घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।









