MP News: मध्यप्रदेश। शाजापुर के केसरा बाजार इलाके में शनिवार को हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि, नवनियुक्त काजी का सम्मान समारोह होना था। इस दौरान समाज के एक गुट ने विरोध कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने काजी के लिए मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा।
शांति के लिए पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
केसरा बाजार में अचानक भीड़ इकठ्ठा हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया। हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया गया। पुलिस टीम का कहना है कि, फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
क्यों किया लोगों ने शहर काजी का विरोध
बताया जा रहा है कि, नवनियुक्त शहर काजी रहमतुल्लाह का सम्मान समारोह शनिवार को आयोजित हो रहा था। ईदगाह पर नमाज अदा करने के बाद मोहसिन उल्ला ने रहमतुल्लाह को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इसके पहले वे नायब काजी के रूप में तैनात थे। लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया लेकिन बाद में लोगों को समझा कर मामला शांत कर दिया।
डीजे के कारण निकाह पढ़ाने से किया था इंकार
लोगों के विरोध का मुख्य कारण शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर था। एक शादी में काजी रहमतुल्लाह ने डीजे के कारण निकाह पढ़ाने से इंकार कर दिया था। वे बिना निकाह पढ़ाए ही वहां से चले गए थे। समाज का एक गुट इस बात से बेहद नाराज था। इसी के चलते विरोध किया।








