छतरपुर। स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में बने अंत्याधुनिक नए पुलिस कंट्रोल रूम का शुभारंभ सागर रेंज की आईजी हिमानी खन्ना ने किया। इस मौके पर डीआईजी विजय खत्री भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने फीता काटकर नए पुलिस कंट्रोल रूम भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में एसपी अगम जैन, एएसपी आदित्य पटले समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
नया कंट्रोल रूम शुरू होने के बाद शहर की निगरानी और पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता में बहुत सुधार आने की उम्मीद है। इस अवसर पर शुक्रवार को आईजी हिमानी खन्ना ने कहा कि इस तरह की आधुनिक सुविधाएं पुलिसिंग को ज्यादा तेज, सटीक और प्रभावी बनाएंगी। इससे घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और सूचनाओं का बेहतर प्रबंधन संभव होगा।
1.86 करोड़ से बना आधुनिक भवन
करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से तैयार यह दो मंजिला भवन पुलिस हाउसिंग द्वारा विकसित किया गया है। इसमें कुल 9 कमरे बनाए गए हैं, जिन्हें आधुनिक जरूरतों के अनुसार डिजाइन किया गया है। यहां अत्याधुनिक संचार व्यवस्था स्थापित की गई है, जिससे विभिन्न थानों के बीच बेहतर समन्वय हो सकेगा।
सीसीटीवी-हाईटेक सिस्टम से निगरानी
नए कंट्रोल रूम में उन्नत सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है, जिसके जरिए शहर के विभिन्न हिस्सों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। इस तरह की तकनीकी सुविधाएं पुलिस को अधिक सक्रिय और सतर्क बनाएंगी। कंट्रोल रूम की स्थापना से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और शहर में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।








