Logo
election banner
मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश, ओले और आंधी का दौर जारी है। इसके कारण तापमान लगातार घट-बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड रात का पारा 10 डिग्री तक लुढ़का। दिन के तापमान में छह डिग्री तक गिरावट हुई। अभी 10 मार्च तक मौसम ठंडा और गर्म रहेगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है। हर दिन तापमान घट-बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में बड़ा बदलाव हुआ है। रात का पारा रिकॉर्ड 10 डिग्री तक गिरा है। वहीं दिन में पांच डिग्री तापमान में गिरावट देखने को मिली। इधर 35 से अधिक जिलों में पिछले 4 दिन से ओले, बारिश और आंधी का दौर चल रहा है। दतिया, ग्वालियर छतरपुर, रीवा, चित्रकूट समेत कई इलाकों में ओले गिरने के साथ बारिश हुई। नौगांव, रीवा, सतना और सीधी में भी हल्की बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 मार्च से फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। 10 मार्च तक मौसम ठंडा-गर्म रहेगा। दिन का टेम्प्रेचर बढ़ जाएगा।

नौगांव में 34 मिमी हुई बारिश 
बारिश पर नजर डालें तो नौगांव में 34 मिलीमीटर बारिश हुई। ग्वालियर में 24.4, दतिया में 17.2, उमरिया में 7.6, टीकमगढ़ में 11, गुना में 8.4, सीधी में 5.8, पचमढ़ी में 4.6, सतना में 3.8, नरसिंहपुर एवं सिवनी में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। 12 जिले टीकमगढ़, छतरपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, ग्वालियर, रायसेन, श्योपुरकलां, निवाड़ी और पन्ना में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी देखी गई। 

जानें क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक 
मौसम वैज्ञनिकों का कहना है कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक्टिव है। इसी चक्रवातीय परिसंचरण से लेकर उत्तरी अरब सागर तक माध्योपरी क्षोभमंडल में ट्रफ लाइन है। प्रेरित चक्रवातीय परिसंचलन उत्तरी पाकिस्तान और पंजाब के ऊपर सक्रिय है। इस कारण अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवा के साथ नमी आ रही है। हालांकि, सोमवार से इसमें कमी आएगी और धूप खिल जाएगी। इससे दिन का तापमान बढ़ जाएगा। 5 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। 10 मार्च तक मध्यप्रदेश में ठंडा और गर्म मौसम रहेगा। 

इन जिलों में सबसे ज्यादा गिरा रात का पारा

जिला     न्यूनतम पारा 24 घंटे में बदलाव
उज्जैन 8 -10
इंदौर 9 -9.4
राजगढ़                     10         -8
रायसेन                                 11 -7.6
रतलाम                         9.6 -6.6
धार                              9.3   -6.2
गुना   10.8         -5.6
नर्मदापुरम 14 -5.3
पचमढ़ी   11.6       -5.6
दमोह       13         -4.8

उज्जैन और रतलाम में पांच डिग्री गिरा दिन का पारा 
रतलाम में दिन का पारा भी पांच डिग्री तक गिरा है। यहां  27.5 डिग्री अधिकतम पारा दर्ज किया गया। इंदौर में भी 4.7 डिग्री दिन का पारा गिरकर 27.3 डिग्री पर पहुंच गया। उज्जैन में 5 डिग्री पारा गिरकर 27 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में सबसे कम दिन का पारा 24 डिग्री रहा। सबसे ज्यादा मंडला में 32 डिग्री पारा रहा। उज्जैन में रात का पारा सबसे कम आठ डिग्री रहा।

छतरपुर में 10 से ज्यादा मोरों की मौत 
छतरपुर में रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि से 10 से ज्यादा मोरों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने राजनगर थाना और लवकुशनकर वन विभाग इसकी सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। एक किसान ने खेत में एक दर्जन से अधिक मृत  मोरों को देखा। 

5379487