Logo
कटनी जिले के रोहनिया गांव में एक दलित बच्ची को बिस्किट देने से इनकार करने और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने बच्ची की मां और दादी से मारपीट की।

Katni News : मध्यप्रदेश के कटनी जिले में दलित बच्ची के लिए दुकानदार द्वारा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। बच्ची दुकान में बिस्किट खरीदने गई थी लेकिन दुकानदार ने उसे बिस्किट देने से इंकार कर दिया। जब बच्ची के परिजन विरोध करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके कारण बच्ची की मां और दादी घायल हुए हैं। इलाज के लिए उन्हें कटनी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला जिले के रोहनिया गांव का है। 

दुकानदार ने पैसे लेने से किया इंकार
बच्ची के परिजनों ने पुलिस को बताया कि, गुरुवार को बच्ची दीपांशु असाटी नामक व्यक्ति की दुकान पर गई थी। बच्ची ने बिस्किट मांगा तो आरोपी ने देने से मना कर दिया। परिजनों का कहना है कि, दीपांशु ने बच्ची से कहा कि, 'मैं तुम्हारे पैसे नहीं लेता किसी दूसरी दुकान पर चले जाओ।'

लाठी-डंडों से महिलाओं को पीटा
जब बच्ची ने यह पूरा घटनाक्रम अपनी मां और दादी को बताया तो वे दुकान गई और दीपांशु से सवाल किए। विरोध करने पर दीपांशु हिंसक हो गया और लाठी-डंडों से महिलाओं को पीटने लगा। इसके बाद इलाके में भारी भीड़ इकठ्ठा हो गई।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
महिलाओं को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें कुछ गंभीर चोटें आई हैं। महिलाओं ने पुलिस को दिए बयान में पूरा घटनाक्रम बताया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।

5379487