Logo
election banner
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। मोहन ने कहा कि जीवनभर जिस पार्टी ने अन्याय किया वह न्याय यात्रा निकाल रही है। उज्जैन देव दर्शन करने की नगरी है। राहुल गांधी भगवान के दर्शन कर लें। मध्य प्रदेश की धरती पर भगवान उनको सद्बुद्धि दें।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उज्जैन में राहुल गांधी के महाकाल दर्शन को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने बहुत लंबा सफर तय किया है। चुनाव की बेला में अपने दल का विचार न करते हुए राहुल गांधी समय जाया कर रहे हैं। उज्जैन देव दर्शन करने की नगरी है। यही शुभकामनाएं देता हूं कि भगवान के दर्शन अच्छे से कर लें। मध्य प्रदेश की धरती पर भगवान उनको सद्बुद्धि दें। राहुल एक पश्चाताप भी करें कि भगवान राम के मंदिर का न्योता उनकी पार्टी ने ठुकराया था। वे जनता से माफी मांगें। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद वह मंदिर बना। उनके एक नेता उस बनाए हुए मंदिर के बारे में आज भी कोई देवस्थान तोड़ा गया उसका पश्चाताप करते हैं।

राहुल की यात्रा कभी फलीभूत नहीं होगी
सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी के बजाए राजीव गांधी का नाम लेते हुए कहा कि राजीव गांधी से निवेदन है उस पर वह अपना स्पष्टीकरण दें शांति और सद्भाव के टापू पर वह अपनी यात्रा जिस भाव से कर रहे हैं, वह तो कभी फलीभूत नहीं होगी, क्योंकि, जीवन भर जिस पार्टी ने अन्याय किया। वह न्याय यात्रा पर निकल रहे हैं तो लोग इस बात के प्रश्न ढूंढते हैं कि उस काल के दरम्यान किए गए अपराधों के बारे में कांग्रेस क्यों सदियों के रूप से माफी नहीं मांगती? मैं उम्मीद करता हूं कि राजीव गांधी इन सारे सवालों के उत्तर देंगे।

सीएम ने विक्रम बेताल की सुनाई कहानी 
मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव राज्य सेवा अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम ने शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों को विक्रम बेताल की कहानी सुनाई। साथ ही सीएम ने केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल का जिक्र करते हुए निडर बनने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के ट्रेनिंग प्रोग्राम के उद्घाटन् सत्र में बोलते हुए कहा-शिक्षण और प्रशिक्षण में जो अंतर होता है। वो आप सब जानते हैं। इस परीक्षा के पास होने के पहले भी आपने एक परीक्षा दी है, अब दोबारा पलट के सर्विस में उस परीक्षा की तो आवश्यता नहीं होगी। लेकिन कदम-कदम पर आपको ऐसे कई प्रशिक्षणों के दौर से निकलते रहना पड़ेगा। और उन दौरों के माध्यम से अपने आप को निखारना पड़ेगा।

हम लोगों को हर पांच साल में परीक्षा देनी पड़ती है 
सीएम ने यह भी कहा कि हम सब जानते हैं कि परमात्मा की दया से, कई जन्मों के पुण्य के बाद हमको अच्छे अधिकार संपन्न व्यक्तित्व का मौका दिया है। आप तो कई मामलों में भाग्यशाली हो। एक बार अधिकारी बने हैं अगर सही चलोगे तो, जिंदगी भर रहोगे। हम लोगों को तो हर 5 साल में परीक्षा देनी पड़ती है। मैं अगर कल चुनाव में भारत माता की जय हो गया तो परसों आप नमस्ते कर लोगे। हमारी दुनिया से आपकी दुनिया का एक संबंध सीधा है जो अच्छा है, जिसको आपको समझना चाहिए। इस दल का आदमी आएगा वो अपनी बात करेगा, उस दल का आदमी आएगा वो अपनी बात करेगा। लेकिन आप दलदल में आप हमेशा दिखोगे। 

5379487