Logo
election banner
MP Rangpanchami Celebrated: मध्यप्रदेश में रंगपंचमी की धूम मची है। इंदौर में परंपरागत गेर निकल रही है। भोपाल रंग-गुलाल की बौछारों से सराबोर है। मुरैना में मतदाता जागरूकता रैली के रूप में जुलूस निकाला गया। उज्जैन में महाकाल को एक लोटा केसर जल चढ़ाया गया।

MP Rangpanchami Celebrated: मध्यप्रदेश में रंगपंचमी की धूम मची है। इंदौर में परंपरागत गेर निकल रही है। हिंद रक्षक की गेर में राम मंदिर की झांकी भी है। इंदौर में 10 ड्रोन और 100 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। CM मोहन यादव भी गेर में शामिल हुए। राजधानी भोपाल रंग-गुलाल की बौछारों से सराबोर है। भोपाल में हुरियारों के 3 बड़े जुलूस निकल रहे हैं। मुरैना में रंगपंचमी का जुलूस मतदाता जागरूकता रैली के रूप में निकाला गया। उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में रंगपंचमी पर महाकाल को सिर्फ एक लोटा केसरयुक्त जल चढ़ाया गया। खंडवा में ओंकार पर्वत पर विराजमान भगवान ओंकारेश्वर को रंग–गुलाल लगाकर रंग पंचमी मनाई गई।

इंदौर: 10 ड्रोन और 100 से अधिक CCTV से गेर की निगरानी 
इंदौर में एक फागयात्रा और 4 अलग-अलग गेर निकल रही है। बड़ी तादाद में लोग राजवाड़ा पर जुटे हुए हैं। रसिया कॉर्नर की गेर सबसे पहले राजवाड़ा पहुंची। इसके बाद हिंद रक्षक और आखिरी में संगम कॉर्नर की गेर राजबाड़ा पहुंची। हिंद रक्षक की गेर में राम मंदिर की झांकी भी है। इंदौर में 10 ड्रोन और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से गेर के रूट की निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी फागयात्रा में शामिल हुए। वे रथ से लोगों पर रंग-गुलाल और पानी की बौछार करते रहे। दोपहर 2 बजे कार्यक्रम से लौट गए। शहर के अलग-अलग इलाकों में रंग-गुलाल उड़ाया जा रहा है। गेर का यह 75वां साल है।  

Rangpanchami in Bhopal

भोपाल: 6 टैंकरों से बरसाया गया रंग
भोपाल में भी रंगपंचमी का उत्साह जबरदस्त है। पुराने शहर के सुभाष चौक, बरखेड़ी और नए भोपाल में शाहपुरा से गेर निकाली गई। संत नगर, भेल और कोलार में भी हुरियारों की टोली धूमधाम से रंगपंचमी मनाई। मुख्य और बड़ा आयोजन चौक बाजार पर हुआ। गेर का इस बार 68वां आयोजन है। हुरियारे भूत-पिशाच बनकर गेर में शामिल हुए। सोमवारा में गेर के पहुंचते ही 6 टैंकरों से रंग बरसाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस जश्न में शामिल हुए।

उज्जैन: बाबा महाकाल को केसरयुक्त जल चढ़ाया गया
उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में रंगपंचमी पर महाकाल को सिर्फ एक लोटा केसरयुक्त जल चढ़ाया गया। भस्म आरती में बाबा को टेसू के फूलों से बना एक लोटा हर्बल रंग अर्पित किया। महाकाल का जलाभिषेक और दूध, दही, घी, शक्कर फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। 

खंडवा: ओंकारेश्वर को रंग-गुलाल लगाकर मनाई गई रंगपंचमी
तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में भगवान ओंकारेश्वर को रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी मनाई गई। भूत भावन भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया। शहर में अलग–अलग पॉइंट पर पुलिस जवान तैनात हैं। मंदिर के भीतर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

गुना: जुलूस निकलकर किया गया गेर का आयोजन
गुना में रंगपंचमी के अवसर पर गेर का जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत हनुमान चौराहे पर नगर पालिका के सामने से हुई। हिन्दू उत्सव समिति द्वारा गेर का आयोजन किया गया है। लंबे समय बाद बड़े स्तर पर गेर निकाली गयी। गेर का जुलूस हनुमान चौराहे से शुरू होकर हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार होते हुए लक्ष्मीगंज से शास्त्री पार्क पहुंचा।

5379487