haribhoomi hindi news
गुना बायपास पर कार खाई में गिरने से महिला की मौत, 5 घायल। ओंकारेश्वर से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, टायर फटने की आशंका।

MP Accident News: मध्यप्रदेश। गुना जिले में शनिवार को बड़ा हादसा होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि, हादसे में एक महिला की मौत हो गई। परिवार कार से कहीं जा रहा था तभी अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार 40 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कुछ लोग घायल भी हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

पहले डिवाइडर से टकराई कार
हादसा गुना बायपास पर हुआ है। अग्रवाल परिवार उज्जैन - ओंकारेश्वर में महादेव के दर्शन करके ग्वालियर में एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। तड़के हादसा हो गया। अचानक कार का अंतुलन बिगड़ा। पहले कार डिवाइडर से टकराई लेकिन फिर पलटकर गहरी खाई में गिर गई। 

सात लोग थे कार में सवार
कार में मौजूद लोग अपने आप को बचा पाते इसके पहले ही वे खाई में गिर चुके थे। कार में सात लोग सवार थे।  इनमे एक छोटी बच्ची भी शामिल है। मृतक महिला की पहचान अनीता अग्रवाल के रूप में हुई है। वहीं गोपाल अग्रवाल, गिरधर अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, कृषिवी अग्रवाल और लोकेश द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हैं। इनका अस्पताल में इलाज जारी है।

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने हादसे के बारे में पुलिस को सूचित किया। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई से घायलों को निकाला गया। एम्बुलेंस के जरिए सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। 

पुलिस द्वारा मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया गया है कि, ये परिवार उत्तरप्रदेश के रायबरेली के बछरांवा गांव के रहने वाले थे। ग्वालियर के बाद वे अपने घर लौटने वाले थे लेकिन उसके पहले ही यह हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार कार का टायर फट गया था इसलिए संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7