मध्यप्रदेश। उज्जैन के प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर (Baba Mahakal) में दर्शन के लिए आम लोग कतारों में लगते हैं लेकिन वीआईपी संस्कृति के चलते कुछ लोग गर्भगृह में प्रवेश कर लेते हैं। सोशल मीडिया पर मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) का वीडियो वायरल हैं। दावा किया जा रहा है कि, शिल्पा शेट्टी को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दी गई जबकि आम लोगों को बाहर से ही दर्शन करने को मिलते हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने वीआईपी कल्चर पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
एमपी कांग्रेस ने एक्स पर ट्वीट किया- 'महाकाल मंदिर की मर्यादा और नियम कितनी बार टूटेंगे! मुख्यमंत्री से अपने शहर के विश्व प्रसिद्ध ज्योर्तिलिंग की व्यवस्था नहीं सुधर पा रही! मनमानी और अंधेरगर्दी मची है। आम श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि वीआईपी संस्कृति के चलते शिल्पा शेट्टी को सीधे बाबा महाकाल के गर्भगृह में प्रवेश दे दिया जाता है। भाजपा सरकार भगवान के दर को भी मनमानी का केंद्र बनाने में कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी रही है।'
हाई कोर्ट-सुप्रीम कोर्ट में गया है मामला
बता दें कि, बाबा महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आम लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं है। मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी उठाया गया है। हाई कोर्ट में पीआईएल दायर कर मांग की गई थी कि, आम लोगों को भी मंदिर में प्रवेश का मौका मिलना चाहिए। हालांकि हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता को व्यक्तिगत रूप से आहत बताकर पीआईएल खारिज कर दी थी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट में गया। अदालत ने याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए कहा कि, 'मंदिर में कोई वीआईपी नहीं होता। मंदिर में कौन जाएगा कौन नहीं इसका फैसला मंदिर समिति द्वारा किया जाएगा। अदालत को इस मामले में हस्तक्षेप क्यों करना चाहिए।'
देखिए वीडियो
साल 2023 में लगी थी रोक
महाकाल लोक निर्माण के बाद बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे थे। साल 2023 में सावन के मौसम में भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने भक्तों के गर्भगृह में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। कहा गया था कि, सावन के बाद पुरानी व्यवस्था लागू होगी लेकिन आज तक रोक जारी है। हालांकि कई बार रसूखदार और राजनीतिक लोग गर्भगृह में प्रवेश करते नजर आते हैं।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









