Gurugram Crime: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित रामपुरा इलाके में एक प्राइवेट कंपनी के अंदर दो सहकर्मियों के बीच हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने गुस्से में अपने ही साथी के प्राइवेट पार्ट में एयर कंप्रेसर से हवा भर दी। हवा का प्रेशर इतना अधिक था कि पीड़ित की आंतें फट गईं और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मामूली विवाद को दिया खौफनाक अंजाम
मृतक की पहचान हरविंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात हरविंद्र और उसका साथी नरेश कंपनी में काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी नरेश ने वहां रखे एयर कंप्रेसर का नोजल हरविंद्र के प्राइवेट पार्ट पर लगाकर मशीन चालू कर दी।
एयर कंप्रेसर का प्रेशर बना मौत की वजह
एयर कंप्रेसर का प्रेशर इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में हरविंद्र के शरीर के अंदरूनी अंगों में हवा भर गई। वह दर्द से तड़पने लगा और बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, हवा के भारी दबाव के कारण आंतें बुरी तरह फट गई थीं, जो मौत का मुख्य कारण बनी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी नरेश घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।









