haribhoomi hindi news
राजनांदगांव पुलिस ने अवैध कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 32 लाख रुपये का संदिग्ध सामान जब्त किया गया।

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चोरी के सामान की अवैध खरीद-फरोख्त पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों और चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर लाखों रुपए का संदिग्ध कबाड़ जब्त किया। इस कार्रवाई से अवैध कबाड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 7 अप्रैल 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 7 टीमों का गठन कर जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई।

1कार्रवाई के दौरान ये सामन जब्त
कार्रवाई के दौरान चिखली, कोतवाली और सोमनी थाना क्षेत्रों में संचालित कई कबाड़ी यार्ड और दुकानों पर रेड की गई। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, वाहन पार्ट्स, नंबर प्लेट, इंजन, सिलेंडर और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की।

1यहां से 17 टन से ज्यादा लोहे का कबाड़ जब्त
सबसे बड़ी कार्रवाई सोमनी थाना क्षेत्र के जोरातराई में हुई, जहां एक ट्रक में भरे लोहे के सामान समेत करीब 15 लाख रुपये की सामग्री बरामद की गई। वहीं चिखली क्षेत्र में एक यार्ड से 17 टन से ज्यादा लोहे का कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई।

1लगभग 32 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
इसके अलावा अन्य स्थानों से भी वाहन पार्ट्स, एल्युमिनियम सामग्री, बैटरी सेल, सिलेंडर और अन्य उपकरण बरामद किए गए। कुल मिलाकर 7 स्थानों पर हुई कार्रवाई में लगभग 32 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे अभियान में राजपत्रित अधिकारियों के साथ थाना कोतवाली, सोमनी और चौकी चिखली का पुलिस स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहा। पुलिस का कहना है कि, अवैध कबाड़ी कारोबार और चोरी के नेटवर्क पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

7