पंकज गुप्ते- बिलासपुर। पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार बुधवार को चुपचाप बिलासपुर पहुंचा, जहां उन्होंने गनियारी के स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया और ग्रामीण इलाके में समय बिताया। इस दौरान परिवार ने बच्चों और मरीजों से मुलाकात की, वहीं गांव में पैदल घूमकर लोगों से बातचीत भी की। पूरा दौरा लो-प्रोफाइल रखा गया, लेकिन बाद में इसकी तस्वीरें सामने आने पर चर्चा तेज हो गई।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवार शहर में दाखिल हुआ और सीधे कोर्टयार्ड मैरियट होटल में ठहरा। पूरे कार्यक्रम को बेहद सीमित और सादगी भरे तरीके से आयोजित किया गया था। होटल परिसर में सुरक्षा जरूर बढ़ाई गई थी, लेकिन किसी तरह की भीड़ या हलचल से बचने के लिए हर कदम सावधानी से उठाया गया।

परिवार के सदस्यों ने बच्चों के साथ बिताया समय
इस दौरान परिवार का बेहद सहज और मानवीय पक्ष सामने आया। सचिन के परिवार के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातें कीं और स्थानीय माहौल में घुल-मिल गए। एक नवजात शिशु को गोद में लेकर स्नेह जताने का दृश्य भी लोगों के दिल को छू गया।यह दौरा भले ही लो-प्रोफाइल रहा, लेकिन इसमें सादगी, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जुड़ाव साफ नजर आया।

गांव की सादगी के बीच परिवार ने किया पैदल भ्रमण
दोपहर के समय तेंदुलकर परिवार अचानकमार क्षेत्र के छपरवा-बम्हनी गांव पहुंचा, जहां इस दौरे की असली झलक देखने को मिली। शहर की चकाचौंध से दूर, परिवार ने गांव की सादगी को करीब से महसूस किया। उन्होंने पैदल गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी जिंदगी और जरूरतों को समझने की कोशिश की।
सचिन के परिवार की देखिए तस्वीरें








.









