Logo
election banner
पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला है। शिवराज ने कहा- राहुल गांधी को जब चुनाव की तैयारी करना चाहिए तो यात्रा करते हैं। जब यात्रा करना चाहिए तो विदेश में छुट्टी मनाते हैं। चुनाव हारने के बाद EVM-EVM चिल्लाते हैं।

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। शिवराज ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि राहुल गांधी जी ऐसे कप्तान हैं, जिनको यह पता नहीं, कब क्या करना चाहिए। जब उन्हें चुनाव की तैयारी करना चाहिए तो यात्रा करते हैं। जब यात्रा करना चाहिए तो विदेश में छुट्टी मनाते हैं। चुनाव हारने के बाद ईवीएम-ईवीएम चिल्लाते हैं। शिवराज ने आगे कहा कि मित्रों कांग्रेस की यह हालत देखकर, कांग्रेस के विचारवान नेता लगातार कांग्रेस छोड़ते जा रहे हैं। एक के बाद एक चुनाव कांग्रेस लगातार हारती चली जा रही है।

पार्टी के सर्वोच्च नेता का आत्मविश्वास हिल गया हो, उसका क्या होगा
शिवराज सोनिया गांधी पर भी हमला बोला है। शिवराज ने कहा कि सोनिया गांधी ने राज्यसभा में बैकडोर से एंट्री की है। जिस पार्टी के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास हिल गया हो, उस पार्टी का क्या होगा यह कल्पना की जा सकती है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा- 2014 से अब तक करीब 50 चुनाव कांग्रेस पार्टी ने हारे हैं।  

कांग्रेस के सेनापति भ्रमित हैं, कई जगह सेना गायब
शिवराज ने यह भी कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। भाजपा संपूर्ण प्रखरता से चमकता हुआ सूर्य है तो कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। कांग्रेस में न तो दिशा है न दृष्टि है। इसलिए कांग्रेस की दशा भी बहुत खराब हो रही है। सेनापति खुद भ्रमित है। कई जगह से सेना गायब है। सेना पति सेना छोड़ रहे हैं। मैं पूरे विश्वास से कह रहा हूं कि अबकी बार 400 पार यह बीजेपी का नारा नहीं, जनता की उद्घोषणा है।

कांग्रेस में चुनाव लड़ने वालों का टोटा 
शिवराज ने कहा कि 2019 में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और अमेठी से खुद राहुल गांधी जी चुनाव हार गए थे। अगर इतिहास देखें तो एक के बाद एक लगभग 50 चुनाव कांग्रेस ने हारे हैं। 2013-14 के बाद, कई उनके मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस छोड़ दी और कई जगह उनको चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे। चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा हुआ है, जब मैडम चुनाव नहीं लड़ रहीं तो बाकी बड़े नेताओं ने हाथ उठा दिए।

हमारे प्रधानमंत्री लोकप्रियता के शिखर पर हैं 
शिवराज ने कहा कि चुनाव का ऐसा उत्साह मैंने पहले कभी नहीं देखा। मैंने देश के लगभग 10 राज्यों का दौरा किया है। दक्षिण सहित हर राज्य में अभूतपूर्व उत्साह है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता के शिखर पर हैं। वे ऐसे अद्भुत नेता हैं जो केवल चुनाव की नहीं सोचते, वे आज से ही 2047 की सोच रहे हैं। विकसित भारत का निर्माण उनका संकल्प और गारंटी दोनों हैं। जनता को ये विश्वास है कि वो इसको पूरा करेंगे ही, क्योंकि मोदी जी की गारंटी पूरी होने की गारंटी है।

5379487