देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक दिलचस्प और अनोखी खबर सामने आई है, जहां पेट्रोल की किल्लत के बीच एक युवक ने ऑफिस पहुंचने के लिए एक एकदम अलग ही तरीका अपनाया। पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और बढ़ती भीड़ के कारण वह समय पर ईंधन नहीं भरवा सका, जिसके चलते उसने पारंपरिक साधन छोड़कर घोड़े का सहारा लिया। वह घोड़े पर सवार होकर ऑफिस जा पहुंचा।
लंबी लाइन देख वापस लौट गया युवक
जानकारी के मुताबिक, राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर बुधवार सुबह अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पंप पहुंचे थे। लेकिन वहां भारी भीड़ और लंबी लाइन देखकर उन्होंने अंदाजा लगा लिया कि समय पर नंबर आना मुश्किल है। उनके वाहन में इतना ईंधन भी नहीं बचा था कि वे सीधे ऑफिस जा सकें, इसलिए वे घर वापस लौट आए। इसके बाद उन्होंने वैकल्पिक उपायों पर विचार करना शुरू किया।
मध्य प्रदेश के देवास में पेट्रोल पंप पर लंबी कतार देख एक युवक घोड़े पर सवार होकर दफ्तर पहुंचा, वीडियो वायरल pic.twitter.com/8KPn7e0Yzg
— Arjun Chaudharyy (@Arjun5chaudhary) March 26, 2026
घोड़े पर सवार होकर पहुंचे दफ्तर
ऑफिस पहुंचने में देरी हो रही थी, ऐसे में उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद अनोखा फैसला लिया। उन्हें अपने घोड़े का ध्यान आया। जो ऐसे संकट के समय में उपयोगी हो सकता था। गोपाल अपने घोड़े पर सवार होकर जवाहर नगर स्थित अपने कार्यालय जा पहुंचे। उनका यह अंदाज लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया और रास्ते में उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
युवक के घोड़े पर ऑफिस पहुंचने का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे पेट्रोल संकट के बीच ‘देसी जुगाड़’ बता रहे हैं। किसी ने कहा कि ऐसे उपायों पर निर्भरता वास्तव में अच्छी है। अन्य लोगों को भी इसका अनुकरण करना चाहिए।
अफवाहों से बढ़ी पेट्रोल पंपों पर भीड़
दरअसल, हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के कारण कई शहरों में पंपों पर भीड़ बढ़ गई है। इसी वजह से लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। कुछ दिन के लिए पेट्रोल-डीजल के संग्रह में जुटे लोगों का ध्यान गोपाल की इस पहल ने खींचा है। लोग अब मौजूदा हालात को एक बिल्कुल अलग नजरिए से देख रहे हैं।










