Logo
भोपाल में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच एक पेट्रोल पंप ने खुद से ईंधन की सीमा तय कर दी। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पंप को सील कर दिया और सभी संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

भोपाल। राजधानी में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच एक पेट्रोल पंप के संचालक ने खुद ही ईंधन देने की सीमा तय कर दी। एयरपोर्ट रोड स्थित एक नायरा पेट्रोल पंप ने दोपहिया वाहनों को केवल ₹200 और चारपहिया वाहनों को ₹1000 तक ही ईंधन देने की सीमा तय कर दी। यह फैसला पंप संचालक ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए खुद लिया था। प्रशासन ने इसे नियम विरुद्ध मानते हुए पेट्रोल पंप सील कर दिया है।  

नियमों के खिलाफ फैसले पर कार्रवाई
हालांकि, पेट्रोल पंप संचालक का यह कदम नियमों के विरुद्ध पाया गया। नियमानुसार उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार ईंधन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। जैसे ही यह मामला सामने आया, जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद पेट्रोल पंप को सील कर दिया ।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल 
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें पंप पर सीमित मात्रा में पेट्रोल दिए जाने की बात सामने आई। इसी वीडियो के आधार पर प्रशासन को सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी पंप संचालक को अपनी मर्जी से ईंधन की मात्रा या कीमत तय करने का अधिकार नहीं है।

भीड़ बढ़ने की वजह से बिगड़े हालात
खाड़ी युद्ध की वजह से इन दिनों अफवाहों का बाजार गर्म है। पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग अपने वाहनों में अतिरिक्त ईंधन भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इसी दबाव में कुछ पंप संचालकों ने खुद से फैसले लेने शुरू कर दिए, जो नियमों के खिलाफ है।

पंप संचालकों ने मांगी पुलिस सुरक्षा
स्थिति को देखते हुए मप्र पेट्रोल-डीजल डीलर्स एसोसिएशन ने भी चिंता जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि पंपों पर लगातार भीड़ बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। कई स्थानों पर विवाद और झगड़े होने की खबरें मिली हैं। इन हालात में पंपों की सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा स्थिति बिगड़ी तो पुलिस बल तैनात करने की मांग की जाएगी। 

7