मध्य प्रदेश के दमोह जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के झलोन के पास सागर-तेंदूखेड़ा-जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित एक पुल पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा था। इसी टूटे पुल से गुजरते समय बाइक सवार तीन युवक संतुलन खो बैठे और सीधे नीचे खाई में गिर गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सागर जिले के छीरारी (रहली) गांव निवासी अजय घोसी, अमित कुर्मी और पवन कुर्मी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक दमोह जिले के समनापुर गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। झलोन के पास जैसे ही उनकी बाइक पुल पर पहुंची, पुल का टूटा हिस्सा सामने आ गया। सड़क का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बाइक असंतुलित होकर नीचे गिर गई और तीनों युवक खाई में जा गिरे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल पिछले करीब सात महीनों से टूटा पड़ा है, लेकिन प्रशासन ने इसकी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत कर दी जाती तो तीन जिंदगियां यूं असमय खत्म नहीं होतीं।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी और एसडीओपी अर्चना अहीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुल की जर्जर स्थिति और संभावित तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।











