Logo
भोपाल में प्रेम संबंध बना जानलेवा। शादीशुदा प्रेमी ने पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। आरोपी दंपति फरार हैं और पुलिस तलाश में जुटी है।

मध्यप्रदेश। भोपाल से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर में एक घर के सेप्टिक टैंक से डिब्बे में बंद महिला का शव मिला। आशंका है कि, महिला की हत्या उसके प्रेमी ने की जो पहले से शादीशुदा था। हत्या की इस वारदात में आरोपी की पत्नी भी शामिल हो सकती है। हत्या के बाद से दोनों फरार हैं।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
सेप्टिक टैंक में जिस महिला की लाश मिली उसकी शिनाख्त 33 वर्षीय अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए भोपाल के समीर से हुई थी। दोनों के बीच लव रिलेशन था। तीन महीने पहले ही अशरफी भोपाल आई थी।

प्रेमी की पत्नी से हुआ था विवाद
एसआई श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि, आरोपी समीर पहले से शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। अशरफी के साथ समीर की पत्नी का विवाद हुआ था। इन सब से परेशान होकर समीर ने अशरफी की हत्या की प्लानिंग की। इस प्लानिंग में उसने अपनी पत्नी को भी शामिल किया।

गला घोंट कर की हत्या
बताया जा रहा है कि, 9 फरवरी को समीर ने अशरफी की गला घोंट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को टिन के बक्से में बंद करके उसने घर के पास बने खाली प्लॉट में डाल दिया। जब सेप्टिक टैंक से बदबू आई तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें सेप्टिक टैंक से महिला की लाश सड़ी हुई अवस्था में मिली। गुरुवार शाम से पुलिस महिला की शिनाख्त कर रही थी। 

तीन शादियां कर चुकी थी मृतका
मृतक अशरफी के हाथ में 'दीप' नाम टैटू था और साथ ही 26 मई 1992 डेट भी लिखी थी। जांच करने पर पता चला कि, राजस्थान और महाराष्ट्र में अशरफी की पहले ही तीन शादियां हो चुकी थीं। पुलिस अब समीर और उसके घर वालों की तलाश कर रही है। इस हत्याकांड में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

5379487