सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दिल दहला देने वाला सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां 201 BN कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई। जिनमें एक कार चालक भी शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी कार से छुट्टी के लिए कारणपुर से रायपुर के लिए सुबह 5 बजे निकले थे। जिनका लगभग 8:15 बजे खपरी ओवरब्रिज धमतरी के पास सिविल ट्रक से एक्सीडेंट हो गया। आपको बता दें कि, जगदलपुर की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी।
मौके पर पहुंची पुलिस
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवान बुरी तरह अंदर ही फंस गए। यह पूरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
खड़ी ट्रक से जा टकराई बाइक, मौके पर तीन युवकों की मौत
बालोद जिले में एक बड़ा दर्द नाक सड़क हादसा हो गया। दल्लीराजहरा-बालोद मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। घटना जमही टोल प्लाजा के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक के पीछे बाइक सवार युवक जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। तीनो मृतक ग्राम गुजरा निवासी बातए जा रहे है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक गुजरा गांव के निवासी थे और बाइक से कुसुमकसा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जमही के पास खड़ी अज्ञात ट्रक के पीछे उनकी बाइक जा भिड़ी।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
इस हादसे में तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात एम्बुलेंस के जरिए तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां शनिवार आज को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। मौके से ट्रक चालक फ़रार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
साइकिल सवार दंपती को बाइक ने मारी टक्कर
वहीं शुक्रवार को राजधानी रायपुर में सड़क हादसे की बड़ी घटना सामने आई है। जहां विधानसभा इलाके में साइकिल सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के अनुसार, टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा के साथ साइकिल से भुरकुनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, साइकिल सवार दंपती और बाइक चालक सड़क से दूर फेका गए।
एक युवक की हालत गंभीर
इस हादसे में भोजराज विश्वकर्मा, प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीण पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।











