haribhoomi hindi news
ग्वालियर जिले के डबरा में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान इटावा से आई 65 वर्षीय महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

मध्यप्रदेश। पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में आई महिला की हार्ट-अटैक से मौत हो गई। कथा ग्वालियर जिले के डबरा में आयोजित हुई थी। बताया जा रहा है कि, महिला का नाम पुष्पा देवी है और वो उत्तरप्रदेश के इटावा से आई थी। शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हुई और फिर उनकी मौत हो गई। 

मुंह से निकला झाग
पुष्पा देवी के साथ आए परिजनों का कहना है कि, सुबह वे कथा में पहुंचे थे। इसी दौरान 65 वर्षीय पुष्पा अचानक बेहोश हो गईं। सीपीआर देने की कोशिश की गई थी लेकिन उनके मुंह से झाग आ गया। परिसर में बने अस्थायी अस्पताल में ले जाने के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो साल से चल रहा था इलाज
मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि, लंबे समय से पुष्पा देवी दिल की बीमारी से जूझ रहीं थीं। दो साल से उनका इलाज चल रहा था। भगवान शिव के प्रति उनके मन में गहरी आस्था थी। इसी के कारण वे डबरा में अपने रिश्तेदारों के यहां रुककर कथा सुनने आईं थीं। 

कलश यात्रा में हुई थी भगदड़ 
बता दें कि, डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के चलते पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन  किया जा रहा है। समारोह के शुरू होने से एक दिन पहले 10 फरवरी को यहां कलश यात्रा हुई थी। इसी कलश यात्रा में हुई भगदड़ के चलते 70 वर्षीय महिला की मौत और 8 अन्य घायल हुए थे। 

कवि कुमार विश्वास भी करेंगे कथा
14 फरवरी से 16 फरवरी तक यहां कवी कुमार विश्वास भी कथा करेंगे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दो स्पेशल ट्रेन की भी व्यवस्था की गई थी। इनमें से एक ग्वालियर जाती है जबकि दूसरी झांसी।

7