कांग्रेस पर बरसे मोहन यादव: बोले-जो हमारे देवी-देवताओं का अपमान करे, हम उन दुष्ट-पापियों को मौका नहीं देंगे, बांधो मुट्ठी

Mohan Yadav
X
Mohan Yadav
CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोला है। सीएम ने कहा कि जो हमारे देवी-देवताओं का अपमान करे। कोई उनका सम्मान करेगा क्या? हम इन दुष्ट पापियों को मौका नहीं देंगे। सारा हिसाब चुकता करेंगे। आप मेरी बात से सहमत हो तो खड़े होकर, बांधो मुट्ठी।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर फिर निशाना साधा है। बुधवार को सीएम ने भिंड में कहा, 'एक भइया साहब पैदल-पैदल घूम रहे हैं। उनकी पार्टी ने पहले तो भगवान राम और उनके जन्मस्थान का विरोध किया। अब कहते हैं कि राम आपके नहीं, हमारे भी हैं। हां भैया हमारे और तुम्हारे राम में ये अंतर है कि हम जय श्रीराम करके कारसेवा का आंदोलन करने गए। तुम और तुम्हारे साथ वालों ने गोलियां चलाईं। कांग्रेस ने उनकी पीठ थप-थपाई। यह पाप आपके माथे है।' इसको कोई नहीं बचा सकता।

इन अभागों ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का न्योता ठुकराया
सीएम ने आगे कहा कि बड़ी मुश्किल से सुप्रीम कोर्ट का फैसला हुआ। फैसले के बाद प्रधानमंत्री जी भूमिपूजन के लिए गए। तब भी आप नहीं आए। लोकार्पण में भी नहीं आए। सीएम ने कहा कि आप बताइए कोई किसी को निमंत्रण देता है कि आप हमारे कार्यक्रम में सम्मिलित होने आइए। आपकी इच्छा हो या मत हो। कोई उसको ठुकराता है क्या? कोई मुंह पर मना करता है क्या। सीएम ने आगे कहा कि भगवान राम के मंदिर के भूमि पूजन में हिंदू, मुसलमान, ईसाई ... पूरा देश एकजुटता के साथ खड़ा रहा। हम इस गौरवशाली पल को भूल नहीं सकते। लेकिन इन अभागों ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का न्योता भी ठुकराया है।

इधर आपने बटन दबाया, उधर हिसाब चुकता
सीएम ने आगे कहा कि जो हमारे देवी-देवताओं का अपमान करे। जो धर्म का अपमान करे। साधु संत का अपमान करे। क्या आप मान सकते हो उनका सम्मान होगा। कोई उनका सम्मान करेगा क्या? अगर मेरी बात से सहमत हो तो अपनी जगह पर खड़े हो जाओ। बांधो मुट्ठी। जो हमारे देवी-देवताओं का अपमान करे। हम इन दुष्ट पापियों और अभागों को मौका नहीं देंगे। सारा हिसाब चुकता करेंगे। लोकतंत्र के अंदर हमको कहीं डंडा, बंदूक और गोली लेकर जाने की जरूरत नहीं है। आपके हाथ में यश है। इधर आपने बटन दबाया। उधर अपना हिसाब अपने आप चुकता हुआ। अगर आप तैयार हो तो मेरा साथ बोलो भारत माता की जय।

193.35 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को भिंड पहुंचे। मुख्यमंत्री सभास्थल तक रोड शो करते हुए पहुंचे। यहां 193.35 करोड़ की लागत के 68 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम ने कहा कि सामान्य विश्वविद्यालयों में एग्रीकल्चर की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी। गौरी सरोवर का सौंदर्यीकरण कर उसे विकसित किया जाएगा। उच्च शिक्षा के लिए नया गांव में महाविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। ग्वालियर से भिंड-इटावा का 6 लेन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

किसानों के खाते में ट्रांसफर किए 2571 करोड़
सहकारिता सम्मेलन एवं किसान सम्मेलन के जरिए CM ने सिंगल क्लिक के जरिए किसान कल्‍याण योजना के तहत 80 लाख से अधिक किसानों के बैंक अकाउंट में 1816 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। फसल बीमा योजना (खरीफ-23) के तहत 25 लाख से अधिक किसानों को 755 करोड़ की राशि ट्रांसफर किए।

महिला को चार लाख रुपए की मदद दी
शारदा बघेल को 4 लाख रुपए की मदद की घोषणा की। शारदा के पति का करंट से निधन हो गया था। कार्यक्रम को मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा, लहार विधायक अम्बरीष शर्मा ने भी संबोधित किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story