Logo
election banner
BJP Foundation Day: भाजपा आज स्थापना दिवस मना रही है। BJP का दावा है कि मध्यप्रदेश के 64523 बूथों पर हो रहे कार्यक्रमों में 1 लाख कांग्रेस या दूसरे दलों के नेता भाजपा में शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रम भोपाल स्थित प्रदेश BJP कार्यालय में हुआ।

BJP Foundation Day: भाजपा के स्थापना दिवस पर शनिवार को मध्यप्रदेश के 64523 बूथों पर कार्यक्रम हो रहे हैं। भाजपा का दावा है कि स्थापना दिवस पर 1 लाख कांग्रेस या दूसरे दलों के नेता भाजपा में शामिल होंगे। स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम भोपाल स्थित प्रदेश BJP कार्यालय में हुआ। यहां सीएम मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और लोकसभा चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह ने पार्टी का ध्यज फहराया है। भोपाल में शनिवार को उज्जैन के घटि्टया से पूर्व विधायक रामलाल मालवीय समेत 3 दर्जन से अधिक कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। बता दें कि दो दिन पहले मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि छह अप्रैल को एक लाख लोग भाजपा का दामन थामेंगे। 

पूर्व विधायक रामलाल मालवीय भाजपा में शामिल 
शनिवार को भोपाल में उज्जैन के घटि्टया से पूर्व विधायक रामलाल मालवीय समेत 3 दर्जन से अधिक कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। मालवीय दिग्विजय सिंह के भरोसेमंद और करीबी माने जाते रहे हैं। रिटायर डिप्टी कलेक्टर रमेश चंद्र सक्सेना ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा
वीडी शर्मा ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा दल हमारा है। तकनीक से युक्त BJP देश में कोने-कोने में खड़ी है। हम मोदी बूथ और डिजिटल बूथ बना चुके हैं। अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण हमारा लक्ष्य है। कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा, संकल्प लेते हैं। 

कांग्रेस ने संतों का सम्मान कभी नहीं किया 
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने देश को दुराचार में डाल दिया था। भाजपा जनकल्याणकारी काम कर रही है। कांग्रस ने संतों का सम्मान कभी नहीं किया, हमने संत को राज्यसभा पहुंचाया। सरकार गरीबों के खिलाफ कोई भी काम कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा 
भाजपा के स्थापना दिवस पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी के कार्यकर्ताओं, प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं दी। शिवराज ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का सूर्य पूरे देश में प्रकाश फैला रहा है।

कांग्रेस के लोग भाजपा चला रहे 
भाजपा के एक लाख नेताओं के BJP में शामिल होने के दावे पर बहुजन समाज पार्टी के स्टार प्रचारक अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने कहा कि मैं BJP से पूछना चाहता हूं कि आप ही लोग ये कहते थे कि कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए लोग नहीं हैं। अब जिस पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए नेता नहीं हैं, तो आप कौन से 1 लाख कांग्रेसियों को भाजपा में शामिल कर रहे हैं। अवधेश ने कहा कि मेरी सलाह है कि भाजपा कार्यालय पर अब ये लिख देना चाहिए- कांग्रेस द्वारा आउटसोर्ट पर संचालित भाजपा। कांग्रेस के लोग भाजपा चला रहे हैं।  

एक दिन पहले कमलनाथ के करीबी ने छोड़ा हाथ 
बता दें कि एक दिन पहले शुक्रवार को पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी और छिंदवाड़ा से पूर्व विधायक दीपक सक्सेना भाजपा का दामन थामा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपक को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। 

5379487