सोनीपत में युवक पर जानलेवा हमला: रंजिश के चलते घर में घुसकर मारी गोली, वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार

A case has been registered in connection with the shooting of a youth.
X
युवक को गोली मारने के मामले में केस दर्ज। 
सोनीपत में बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।

सोनीपत: सदर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दहिया में हमलावरों ने घर में घुसकर युवक को गोली मार दी। गोली युवक के कंधे में लगकर गर्दन के पास से निकल गई। घायल युवक का आरोप है कि आरोपी की उनके भाई के साथ पुरानी रंजिश है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

घर में घुसकर मारी गोली

गांव खेड़ी दहिया निवासी गौरव ने बताया कि गांव का ही अशोक उनके घर के बाहर आया। अशोक के साथ उसका एक अन्य साथी भी था। अशोक ने घर के बाहर आते ही मुख्य गेट पर लात मारनी शुरू कर दी। आवाज सुनकर वह बाहर आए और जब गेट खोला तो अशोक ने अपने साथी को कहा कि इसे गोली मारनी है। अशोक के साथी ने हाथ में ली हुई पिस्तौल से उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने कंधे में लगकर गर्दन के पास से निकल गई। उसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। उसने अपने दोस्त सचिन को कॉल कर बुलाया, जिसने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।

भाई के साथ झगड़े की थी रंजिश

गौरव ने पुलिस को बताया कि अशोक का उनके भाई हिमांशु के साथ झगड़ा हो गया था, जिसमें दोनों में मारपीट हो गई थी। उसी पुराने झगड़े की रंजिश रखते हुए अब अशोक ने अपने साथी संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। जांच अधिकारी एसआई मनोज कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द से जल्द हमलावरों को काबू कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story