हरियाणा में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बाद शनिवार की सुबह मौसम ने खतरनाक करवट ली। समूचा राज्य घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिसके कारण नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर विजिबिलिटी शून्य हो गई। दृश्यता कम होने की वजह से सोनीपत और पानीपत में भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें दर्जनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं और कई लोग घायल हो गए। कोहरे का असर केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि रेल यातायात पर भी पड़ा है।
गन्नौर फ्लाईओवर पर ट्रकों की भिड़ंत, लंबा जाम लगा
सोनीपत के गन्नौर इलाके में शनिवार सुबह कुदरत का कहर देखने को मिला। नेशनल हाईवे-44 पर स्थित फ्लाईओवर के ऊपर घना कोहरा होने से वाहन चालकों को कुछ ही मीटर की दूरी पर खड़ा ट्रक नजर नहीं आया। इसी दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही पीछे से आ रहे अन्य वाहन ताश के पत्तों की तरह एक-दूसरे से टकराते चले गए।
इस श्रृंखला बद्ध हादसे (में दर्जनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद दिल्ली जाने वाले मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए चार बड़ी क्रेन बुलाईं और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर रास्ता साफ किया। ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए वाहनों को सर्विस लेन से डायवर्ट करना पड़ा।
बच्चों सहित 10 घायल
पानीपत जिले के गांव सिवाह बस स्टैंड के पास भी कोहरे ने भारी तबाही मचाई। यहां सुबह करीब 7:30 बजे एक खराब खड़े ट्रक की वजह से बड़ा हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद देखते ही देखते 15 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 3 बच्चों और 3 महिलाओं समेत कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे की एक लेन को खुलवाया, जिसके बाद रेंगते हुए ट्रैफिक को गति मिल सकी।
हिसार से गुरुग्राम तक धुंध, 18 ट्रेनें प्रभावित
कोहरे का असर केवल सोनीपत-पानीपत तक सीमित नहीं रहा। हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, नूंह और गुरुग्राम में भी शनिवार सुबह जबरदस्त धुंध छाई रही। गुरुग्राम की ऊंची इमारतें कोहरे के कारण पूरी तरह ओझल नजर आईं। खराब विजिबिलिटी का सीधा असर रेलवे पर पड़ा है। अंबाला कैंट और हिसार से गुजरने वाली करीब 18 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं।
मालवा एक्सप्रेस और अमृतसर जाने वाली ट्रेनें 4 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि अत्याधुनिक 'वंदे भारत' एक्सप्रेस भी करीब 20 मिनट लेट रही। यात्रियों को घंटों स्टेशनों पर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
तापमान में भारी गिरावट, सोनीपत रहा सबसे ठंडा
पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से हुई बारिश ने तापमान को तेजी से नीचे गिरा दिया है। शुक्रवार की रात सोनीपत में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों जैसे अंबाला और करनाल में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अचानक हुई इस बारिश और ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन दोबारा लौट आई है।
फॉग लाइट्स का करें प्रयोग
हादसों को देखते हुए हरियाणा पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे हाईवे पर चलते समय गति सीमा का ध्यान रखें और अनिवार्य रूप से फॉग लाइट्स एवं इंडिकेटर्स का प्रयोग करें। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें और कोहरे के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें।










