Logo
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने उमरी में लीग की जर्सी और पोस्टर का अनावरण कर कहा कि टेनिस क्रिकेट के प्रति युवाओं का जुनून काबिले तारीफ है। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी।

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र एक बार फिर खेल के मैदान में इतिहास रचने को तैयार है। ऐतिहासिक धरती पर 'ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग' (सीजन-1, नॉर्थ जोन) का शंखनाद हो चुका है। उमरी में उद्घाटन समारोह के दौरान लीग के आधिकारिक पोस्टर और खिलाड़ियों की जर्सी को लॉन्च किया गया। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और विख्यात कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उनकी उपस्थिति ने न केवल इस कार्यक्रम की चमक बढ़ाई, बल्कि उभरते हुए युवा खिलाड़ियों में जोश भी भर दिया।  

खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं 
इस दौरान चेयरमैन सोमनाथ गाबा, संस्थापक रवि कुमार गाबा और विनय कंबोज सहित खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था। आयोजन का मुख्य उद्देश्य टेनिस क्रिकेट को एक पेशेवर मंच प्रदान करना है ताकि छोटे शहरों की प्रतिभाएं दुनिया के सामने आ सकें।

पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी भाग लेंगे 
यह बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता 16 जून से शुरू होकर 21 जून तक समाना बाहु (कुरुक्षेत्र) के मैदानों पर खेली जाएगी। इस लीग की खास बात यह है कि इसमें केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ टेनिस क्रिकेट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का लक्ष्य इस लीग को उत्तर भारत की सबसे प्रतिष्ठित टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिताओं की सूची में शुमार करना है।

आकाश चोपड़ा ने साझा किए अनुभव 
समारोह के दौरान आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए सही मंच का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आज के दौर में टेनिस क्रिकेट का जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। चोपड़ा ने जोर देकर कहा कि इस तरह की लीग ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता साफ करती हैं। उन्होंने युवा क्रिकेटरों से खेल के प्रति अटूट समर्पण और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

15 अप्रैल से शुरू होगा चयन
लीग के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए चेयरमैन सोमनाथ गाबा ने बताया कि इस प्रतियोगिता को 'टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन' से मान्यता प्राप्त है और यह 'टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा' के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। लीग में कुल 12 टीमें शिरकत करेंगी, जिसमें प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होंगे। खेल में विविधता लाने के लिए एक विशेष नियम रखा गया है, जिसके तहत हर टीम में 35 वर्ष से अधिक आयु का एक खिलाड़ी भी शामिल हो सकता है। खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया (ट्रायल) 15 अप्रैल से राजस्थान की धरती से शुरू होगी।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
शुभारंभ के इस खास मौके पर आकाश चोपड़ा ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों रोहित चंडीगढ़िया, आशु यमुनानगर, अमन मांझी, डैनी मांडी और प्रिंस कंबोज को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह लीग न केवल खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी, बल्कि कुरुक्षेत्र को खेल पर्यटन के केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगी। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7