Logo
पार्टी अनुशासन से कोई समझौता नहीं करेगी और जल्द ही पांचवें बागी विधायक का नाम भी सबके सामने होगा।

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस के भीतर मचा घमासान अब और तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बागी विधायकों और सत्ताधारी दल भाजपा पर तीखा प्रहार किया।

 

विधायक कुलदीप वत्स के बयान पर पलटवार
बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स द्वारा "बड़े आकाओं के खेल" वाले बयान पर हुड्डा ने सीधे तौर पर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। हुड्डा ने कहा कि कुलदीप वत्स जिस 'खेल' की बात कर रहे हैं, वह असल में सत्ताधारी दल के बड़े नेताओं द्वारा रचा गया है। भाजपा ने विधायकों पर अनुचित दबाव बनाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुँचाई है। 'इमोशनल होने से काम नहीं चलेगा' नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी द्वारा वीडियो जारी कर राजनीति छोड़ने की बात पर हुड्डा ने दो-टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि "पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है। जिन्हें नोटिस जारी किया गया है, उन्हें इधर-उधर की बातें करने या भावुक बयान देने के बजाय औपचारिक रूप से नोटिस का जवाब देना चाहिए। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

5वें विधायक का नाम जल्द होगा सार्वजनिक
हुड्डा ने करनाल में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि क्रॉस वोटिंग के मामले में अब तक चार विधायकों के नाम सामने आए हैं, लेकिन अगले एक-दो दिन में पांचवें विधायक का नाम भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आलाकमान इस मामले में किसी को बचाने के पक्ष में नहीं है।

चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप 
हुड्डा ने न केवल क्रॉस वोटिंग बल्कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों के 4 वोट जानबूझकर और जबरदस्ती रद्द किए गए, जो लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है। हुड्डा ने बताया कि उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम और विधायकों की गरिमा को पहुँचाई गई ठेस को लेकर राज्यपाल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7