Logo
Sagar News: सागर में चलती कार में आग से महिला की मौत। डॉक्टर पति बचा, भाई ने हत्या का शक जताया। CNG कार, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी।

Sagar News: मध्यप्रदेश। सागर के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार को चलती कार में आग लग गई। कार में पति-पत्नी सवार थे। पति पेशे से डॉक्टर है, हादसे में वह सुरक्षित बच निकला लेकिन पत्नी की जलकर मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह 4 बजे के करीब हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने गाड़ी में लगी आग बुझाई। मामले को संदेहास्पद मानते हुए पुलिस जांच कर रही है।

सीएनजी वाली थी कार
डॉक्टर का नाम नीलेश कुर्मी (42 वर्ष) है और उनकी पत्नी का नाम सीमा कुर्मी (38 वर्ष) बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार डॉक्टर अपनी पत्नी को इलाज के लिए सागर लेकर जा रहा था। रास्ते में अचानक कार में आग लग गई। कार सीएनजी थी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। 

महिला के भाई को हत्या का शक
एक ओर डॉक्टर अपनी पत्नी की मौत को हादसा बता रहा है वहीं दूसरी ओर मृतका के भाई लोकेश पटेल ने हत्या का शक जताया है। लोकेश का कहना है कि, अगर एक्सीडेंट हुआ होता तो घटनास्थल पर कोई निशान मिलते। जीजाजी ने या तो दीदी को बेहोश कर दिया था या मृत अवस्था में वे उसे गाड़ी में बैठाकर निकले थे। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

फोन करके कही हार्ट अटैक की बात
लोकेश ने यह भी बताया कि, सुबह-सुबह जीजाजी ने कॉल करके बताया था कि, दीदी को हार्ट अटैक आया है। इलाज के लिए उसे राय हॉस्पिटल लेकर जा रहे हैं। इसके बाद लोकेश परिजनों के साथ राय अस्पताल निकला लेकिन जीजा ने दोबारा फोन करके कहा कि, रास्ते में एक्सीडेंट हो गयाहै  और सीमा जल गई है।

यह बात भी सामने आई है कि, सीमा और उसके पति का अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, हर बिंदु पर गहनता से जांच की जाएगी।

7