बीती रात नेशनल हाईवे-44 पर राई थाना क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पांच अन्य साथी घायल हो गए। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी बिलाल (25) और विशाल (24) के रूप में हुई है।
कार के उड़े परखच्चे
दिल्ली के चांद बाग और भजनपुरा इलाके के रहने वाले सात दोस्त रविवार रात करीब 1 बजे मुरथल में परांठे खाने के लिए निकले थे। खाना खाने के बाद जब वे वापस दिल्ली लौट रहे थे, तभी सोनीपत के राई के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अगली सीट पर बैठे बिलाल और विशाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शादी के घर में पसरा मातम
हादसे का शिकार हुए 25 वर्षीय बिलाल के घर में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली थीं। परिजनों के अनुसार, एक साल पहले ही उसकी सगाई हुई थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। बिलाल के पिता का निधन 2010 में हो चुका था, अब परिवार में मां, भाई और बहन के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, दूसरे मृतक विशाल के परिवार में भी इस खबर के बाद से कोहराम मचा हुआ है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने बिलाल और विशाल के शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अन्य पांच दोस्तों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हादसे के सटीक कारणों (ओवरस्पीडिंग या नींद की झपकी) की जांच की जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










