Logo
महासमुंद, खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटकर गिरने से जिस महिला की मौत हुई है, वह रायपुर के राजातालाब की रहने वाली थी। 

रायपुर। महासमुंद, खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटकर गिरने से जिस महिला की मौत हुई है, वह रायपुर के राजातालाब की रहने वाली थी। घटना में महिला का पति तथा परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कमल विहार स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। महिला का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। महिला जहां रहती थी, घटना की जानकारी मिलने के बाद उस क्षेत्र में शोक का माहौल है। आसपास के लोगों ने बताया कि आयुषी का ऋषभ के साथ रिश्ता खल्लारी मंदिर में तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों का पिछले वर्ष 25 नवंबर को विवाह हुआ था।

बताया जा रहा है कि, विवाह होने के बाद पति-पत्नी की खल्लारी मंदिर दर्शन करने जाने की मन्नत थी। उसी मन्नत के चलते ऋषभ अपनी पत्नी, भाई तथा अपने रिश्ते की बहन मनस्वी के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर दर्शन कर वापस लौटने के दौरान रोपवे टूटने से आयुषी धावड़े (28) की मौत हो गई। आयुषी का पति ऋषभ, उसका छोटा भाई शुभ तथा मनस्वी उपासे (13) घायल हुए हैं। घटना सुबह 11 बजे की है। आयुषी दुर्ग के बालोद गांव में संचालित स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। महिला का पति पेशे से सिविल कांट्रेक्टर है। ऋषभ के माता-पिता नहीं है। घटना की जानकारी ऋषभ की बुजुर्ग चाची को नहीं दी गई है।

जिस मंदिर में रिश्ता तय हुआ, उसी जगह सात जन्मों का नाता टूटा
पड़ोसियों के मुताबिक, आयुषी का बचपन रायपुर राजातालाब में ऋषभ के घर के पास गुजरा है। आयुषी की मां टीचर थीं तथा पिता गवर्नमेंट जॉब में थे। मूल रूप से वे धमधा के रहने वाले हैं। यह दर्दनाक ही है कि जहां सात जन्मों का बंधन तय हुआ था. वहीं दोनों का साथ छूट गया। मंदिर में मांगी गई मन्नत पूरी करने निकले इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मंदिर दर्शन के लिए रात में निकले थे
आयुषी, उसका पति तथा परिजन साथ में शनिवार रात खल्लारी माता का मंदिर दर्शन करने के लिए निकले थे। पड़ोसी महिला के अनुसार, मंदिर दर्शन करने जाने के दौरान आयुषी ने वाट्स एप स्टेटस पर फोटो शेयर किया था। मंदिर में दर्शन करने के बाद आयुषी ने फिर वाट्स एप पर स्टेटस शेयर किया। पड़ोसियों को सुबह 11.30 बजे घटना की जानकारी मिली। किसी को इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ। पड़ोस में रहने वाली महिलाएं कह रही थीं कि आयुषी ने कुछ देर पूर्व मंदिर दर्शन कर वापस लौटने के दौरान वाट्स एप पर स्टेटस शेयर किया है। इसके बाद इतनी जल्दी आयुषी की मौत कैसे हो सकती है?
 

7