हरियाणा के कैथल में सोमवार को नशे में धुत युवक ने रोडवेज की बस में जमकर उत्पात मचाया। युवक की हरकतों से तंग आकर बस चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाई और बस को सीधे पुलिस थाने ले जाकर खड़ा कर दिया। इस घटना के दौरान बस में सवार दर्जनों यात्री सहमे नजर आए।
कलायत से शुरू हुआ विवाद, कैथल तक चला हंगामा
हिसार डिपो की यह बस सोमवार को हिसार से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जब बस कलायत पहुंची, तो वहां से एक युवक सवार हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने कोई 'सूखा नशा' कर रखा था और बस में चढ़ते ही उसने यात्रियों को परेशान करना शुरू कर दिया। वह कभी मोबाइल से यात्रियों की वीडियो बनाने लगता, तो कभी उन्हें चुप रहने की धमकी देता। नशे की हालत में वह चिल्ला-चिल्लाकर यात्रियों को डरा रहा था, जिससे बस के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस के आगे लेट गया आरोपी, पुलिस से भी उलझा
बस के चालक संदीप ने बताया कि जब युवक की बदतमीजी हद से बढ़ गई, तो उन्होंने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी युवक बस के आगे खड़ा हो गया और चुनौती देने लगा कि वह बस को आगे नहीं बढ़ने देगा। चालक ने तुरंत बस स्टैंड पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे बस से उतारने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ और न ही उसने अपना नाम पता बताया। युवक की जिद और हंगामे को देखते हुए चालक ने सुरक्षा के मद्देनजर बस को सीधे सिविल लाइन थाने ले जाने का फैसला किया।
थाने में यात्रियों को उतारा, आरोपी को पुलिस ने दबोचा
जैसे ही बस सिविल लाइन थाने पहुंची, वहां मौजूद पुलिस बल सक्रिय हो गया। सबसे पहले बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर नशे में धुत युवक को जबरन बस से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड पर काफी भीड़ जमा हो गई और यात्री अपनी आपबीती सुनाते नजर आए।
सूखे नशे का शक
सिविल लाइन थाना प्रभारी (SHO) रामनिवास ने मामले की पुष्टि कर बताया कि बस के परिचालक (कंडक्टर) ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआती जांच और युवक की शारीरिक स्थिति को देखकर पुलिस को संदेह है कि उसने किसी घातक सूखे नशे का सेवन किया हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक कहां का निवासी है और वह किस मकसद से बस में सवार हुआ था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कंडक्टर की शिकायत के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।










