हरियाणा के रोहतक जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कलानौर थाने में तैनात इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल के इंचार्ज EASI कुलदीप ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाने के नीचे ही खुद को किया शूट
53 वर्षीय कुलदीप मूल रूप से झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में रोहतक की झज्जर चुंगी स्थित कमला नगर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुलदीप कलानौर थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। वे खाना खाने के बहाने नीचे आए और एक तरफ जाकर अपनी सरकारी पिस्टल से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ कुलदीप को पीजीआई रोहतक पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, कुलदीप ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद उनके बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कलानौर थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
थाने के भीतर एक अधिकारी द्वारा सुसाइड किए जाने की घटना से जिला पुलिस बल में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। कुलदीप ERV-594 पर तैनात थे और अपनी ड्यूटी को लेकर काफी सक्रिय रहते थे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










