Logo
Ghaziabad News: गाजियाबाद से पंजाब केसरी के पत्रकार पर जानलेवा हमले की खबर सामने आ रही है। वायरल वीडियो के अनुसार, बेखौफ दबंगों ने पत्रकार को दौड़ाकर पकड़ा और फिर उसके बाद लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की।

Ghaziabad News: गाजियाबाद के दिल्ली गेट इलाके में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पत्रकार पर जानलेवा हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब केसरी से जुड़े मीडिया कर्मी आकाश गर्ग की करीब दर्जन भर से ज्यादा हमलावरों ने लाठी, डंडे और रॉड से बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने पत्रकार को घेरकर रास्ते में हमला किया और बाद में तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया और घटना के दौरान बेसुध भी हो गया। 

क्यों किया हमला?

बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात की है। उस समय गली में कुछ युवकों के बीच विवाद चल रहा था। पत्रकार आकाश गर्ग वहां झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे। इसी दौरान 10 से ज्यादा युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और उन्हें घेर लिया। पत्रकार जान बचाने के लिए भागे लेकिन हमलावरों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ा और जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। पास के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें हमलावर डंडे लेकर पत्रकार के पीछे भागते और मारते हुए दिख रहे हैं। हमले में पत्रकार के सिर पर गंभीर चोट आई है और हाथ में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है। घायल को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसका इलाज चल रहा है। 

मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दबंगों की बेखौफ हरकतें साफ दिख रही हैं। पीड़ित पत्रकार आकाश गर्ग ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस देरी से पहुंची, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। पत्रकारों में इस हमले को लेकर काफी रोष है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

7