मौसम अलर्ट: सीजन के पहले सघन कोहरे ने लगाए वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक, दिनभर चली शीतलहर, बूंदाबांदी की संभावना 

Vehicles moving with lights on due to fog.
X
कोहरे के कारण लाइट जलाकर चलते वाहन। 
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर देखने को मिल रहा है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सिलसिला लगातार जारी है।

हरियाणा: उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी (Snowfall) का असर मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सिलसिला लगातार जारी है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली के साथ जिला महेंद्रगढ़ में ठंड का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड अपने तेवरों को और अधिक प्रचण्ड बनाएगी, क्योंकि 26 दिसम्बर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी होगी।

मौसम में फिर होगा बदलाव

मैदानी राज्यों में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तेज गति से हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश, बूंदाबांदी व कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (Hail Storm) की संभावना बन रही है। इसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में कोल्ड वेव से सीवियर कोल्ड वेव, कोहरा व कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिलेगी। हरियाणा एनसीआर दिल्ली के मध्य व दक्षिणी हिस्सों में सुबह से दोपहर बाद तक धूप के दर्शन नहीं हुए। इस सीजन का संघन कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में रफ्तार पर ब्रेक लग गया। परिवहन साधन रेंगने को मजबूर थे।

शीतलहर दिखा रही अपना रंग

क्षेत्र में रात्रि पारा एक बार फिर से लुढ़कने लगा है, साथ ही दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। कुछ स्थानों पर शीतलहर, कोल्ड डे व कोहरा अपने रंग दिखा रहा है, जिससे आमजन को कड़ाके की हाड़ कंपा देने वाली ठंड (Cold) से रूबरू होना पड़ रहा है। आमजन को अलाव व गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने को मजबूर कर दिया है। इस मौसम प्रणाली का असर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में उत्तरी व दक्षिणी हिस्सों पर अधिक देखने को मिलेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 26 से 28 दिसंबर को 50 से 60 प्रतिशत हिस्सों पर असर देखने को मिलेगा। इसके बाद एक बार फिर से बर्फिली हवाओं से मौसम की चरम परिस्थितियां देखने को मिलेगी।

संपूर्ण इलाके में येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो व 27 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इस मौसम प्रणाली का असर 27 दिसंबर को अधिक रहेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन व रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं। सीजन का सघन कोहरे की सफेद चादर क्षेत्र में देखने को मिली, जिसकी वजह से रफ्तार पर ब्रेक लगे व दृश्यता घटकर केवल 20 से 50 मीटर रह गई।

बारिश व ओलावृष्टि की संभावना

मौसम विशेषज्ञ (Weather Expert) प्रोफेसर डॉ. चन्द्र मोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में एक बार फिर से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी। इसके साथ ही बारिश, ओलावृष्टि की भी संभावना है। 26 दिसम्बर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होगा, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी होगी व मैदानी राज्यों में एक बार फिर से मौसम में बदलाव आएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story