Weather Alert: बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि ने किसानों की बढ़ाई मुश्किल, तापमान में आई गिरावट

Farmer handling the crop after the rain
X
बारिश के बाद फसल को संभालते हुए किसान। 
हरियाणा के कुछ जिलों में हलकी बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। हल्की बारिश व बूंदाबांदी फसलों के लिए तो फायदेमंद रही, लेकिन ओलावृष्टि ने जरूर परेशानी को बढ़ा दिया।

Haryana: हरियाणा के कुछ जिलों में हलकी बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। हवा की स्पीड भी काफी तेज रही। गनीमत यह रही कि ओलावृष्टि ज्यादा देर तक नहीं हुई। हल्की बारिश तथा बूंदाबांदी फसलों के लिए तो फायदेमंद रही, लेकिन ओलावृष्टि ने जरूर परेशानी को बढ़ा दिया। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगे मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बादलवाई बनी रहेगी और उतार चढ़ाव बना रहेगा।

बूंदाबांदी के साथ तेज हवा तथा ओलावृष्टि से अटकी किसानों की सांसें

पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को दिन में मौसम ने करवट ले ली थी। तेज हवा के साथ उड़ी धूल परेशानी का करण बनी रही। देर शाम को आकाश में गहरे बादल छा गए। हवा की गति भी 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा पहु़ंची। जिसके साथ बूंदाबांदी तथा हल्की बारिश शुरू हो गई। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की ओलावृष्टि हुई, जिसने किसानों को हलकान कर दिया। मौसम के बिगड़े तेवर से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई।

तापमान में गिरावट, फसलों के लिए फायदेमंद

बूंदाबांदी के बाद मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई जबकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही थी। अधिकतम तापमान 28 डिग्री पर पहुंच गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री को छू गया था। तापमान बढ़ने से गेहूं के दाने में बन रहा रस सिकुड़ने का खतरा बना हुआ था। बीती रात बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट फसलों के लिए फायदेमंद है। इससे फसलों को अच्छी ग्रोथ मिलेगी ओर दाने भी धीरे-धीरे पकाव की तरफ बढ़ेंगे। मौसम फसलों के अनुरूप बना हुआ है।

मौसम बना रहेगा परिवर्तनशील

पांडू पिंडरा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि आगे मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। बूंदाबांदी से फसलों को अच्छा फायदा हुआ है। साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान अनुकूल बना रहेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई है, लेकिन अभी इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है। फसल अपनी ग्रोथ अच्छे से करेंगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story