पंचकूला में गरजते हुए बोले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह: हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा, हर घर जाएंगे कार्यकर्ता 

Union Home Minister Amit Shah accepting greetings from the people from the stage during the programm
X
कार्यक्रम के दौरान मंच से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह। 
अमित शाह ने घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा का विधानसभा चुनाव भाजपा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़ेगी और अगले मुख्यमंत्री भी नायब सिंह सैनी होंगे।

Panchkula: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने माता मनसा देवी की भूमि से घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा का विधानसभा चुनाव भाजपा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़ेगी और अगले मुख्यमंत्री भी नायब सिंह सैनी होंगे। चुनाव में अन्य किसी भी पार्टी के साथ समझौता नहीं होगा और हम अकेले ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को हर घर में जाकर प्रत्येक वोटर से वोट की अपील करनी होगी। केंद्रीय गृहमंत्री विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की दूसरे सत्र की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

अनाज पैदा करने में हरियाणा ने बनाया रिकॉर्ड

अमित शाह ने कहा कि प्रति व्यक्ति प्रति एकड़ अनाज पैदा करने में म्हारे हरियाणा ने रिकॉर्ड बनाया है। देश को रक्षक देने में अनुपातिक तौर पर सबतै आगे म्हारा हरियाणा है। स्वर्ण पदक दिलाने में हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी आगे हैं। बासमती चावल का उत्पादन सबसे ज्यादा म्हारा हरियाणा कर रहा है। लाल डोरे को मालिकाना हक सबसे पहले हरियाणा में दिया गया। आयुष विश्वविद्यालय बनाने के अलावा अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देना हरियाणा के रिकॉर्ड को दर्शाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पिछले 10 सालों में किए गए कार्यों से लोगों को अवगत करवाएं।

10 साल में भाजपा ने करवाए करोड़ों के काम

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने हरियाणा प्रदेश में 2,70,000 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। मोदी सरकार ने देश में कई असंभव बातों को संभव करके दिखाया है, इनमें अयोध्या का राम मंदिर निर्माण, जम्मू कश्मीर की धारा 370 व 35ए को समाप्त करना, सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को संदेश देना, देश में नई शिक्षा नीति को लागू करना शामिल रहा है। हरियाणा प्रदेश को पूरे देश में कई महत्वपूर्ण चीजों के लिए जाना जाता है। देश को कई मामलों में हरियाणा ने आत्मनिर्भर बनाया है। अनाज के गोदाम किसानों द्वारा पैदा किए हुए अन्न से भरे हुए हैं।

कांग्रेस भ्रम फैलाकर हार छुपाने में लगी

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाकर लोकसभा चुनाव में मिली हार को छुपाने में लगी है। हरियाणा कांग्रेस के नेता कट, कमीशन और करप्शन में लिप्त रहे हैं। पहले हरियाणा में एक सरकार एक जिले के लिए, दूसरी सरकार दूसरे जिले के लिए काम करती थी, लेकिन भाजपा ने 10 वर्षों में पूरे हरियाणा में एक समान काम किया है। केंद्र में कमल की सरकार बना दी है और अब हरियाणा में भी तीसरी बार कमल की सरकार बनानी है। सोनिया की आंखों का तारा (राहुल गांधी) और हुड्डा साहब का सितारा (दीपेंद्र हुड्डा) अब हरियाणा में तारा-सितारा नहीं चलेगा।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मौका परस्त : धर्मेंद्र प्रधान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने देश की अर्थव्यवस्था में हरियाणा के योगदान की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि देश की उन्नति में हरियाणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान अब तक जो भी चुनाव हुए हैं उनमें प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारियां को बखूबी निभाया है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा के अंदर जो फिफ्टी-फिफ्टी हुआ है, उसको आगे बढ़ाकर 60-40 बनाना है। प्रदेश में चाहे नीट की परीक्षा हो या अन्य किसी भी प्रकार का मुद्दा हो, उस पर सरकार अपना पक्ष रखने को तैयार है। विपक्ष इन बातों को अपना मुद्दा बनाकर देश में अराजकता फैलाना चाहती है। हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक दूसरे के साथ समझौता कर लेती है और चुनाव के बाद उस समझौते को खत्म कर देती है, ये दोनों पार्टी मौका परस्त है।

10 सालों में किए विकास कार्यों के आधार पर तीसरी बार बनाएंगे सरकार : नायब सिंह

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा 10 सालों में किए गए विकास और जनहित कार्यों के आधार पर तीसरी बार जनता भाजपा सरकार बनाएगी। हमारी सरकार की सोच अंत्योदय की है। अंत्योदय की भावना पर चलते हुए हमने पिछले 10 सालों में 50,000 परिवारों को अंत्योदय श्रेणी में चिन्हित किया है। ये वो लोग थे जिनके पास काम करने के लिए कोई पैसा नहीं था। हमारी सरकार ने 50,000 लोगों को परिवार उत्थान योजना के तहत लोन देकर आगे बढ़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने पर सभी कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता का आभार जताया।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने लालच देकर मतदाताओं को बरगलाया : मनोहर लाल

केंद्रीय आवास एवं शहरी निकाय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोक सभा चुनाव के दौरान प्रदेश में भले ही चुनाव का रिजल्ट फिफ्टी-फिफ्टी रहा हो, पर सही मायने में हम कांग्रेस से आगे हैं। इस चुनाव से कांग्रेस राज्यसभा सांसद की एक सीट हारी है जो भाजपा के खाते में आने वाली है। कांग्रेस ने चुनाव में महिलाओं के खाते में 8500 रुपए भेजने, आरक्षण खत्म करने की अफवाह फैलाकर लोगों को बरगलाने का काम किया है। अब जनता कांग्रेस के फरेब को समझ चुकी है, इसलिए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर देगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story